IND VS ENG Warm UP Match: भारत में होने वाले वनडे विश्व कप की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। भारतीय टीम अपने विश्व कप अभियान की शुरूआत शनिवार यानी आज से करेगी। बता दें कि भारत को पहले वार्म अप मैच में इंग्लैंड के साथ गुवाहाटी में मुकाबला करना है। इस मैच के माध्यम से दोनों टीमें अपनी असली तैयारी को अंतिम रूप देना चाहेगी। इंग्लैंड की टीम लंबा सफर तय करके गुवाहाटी पहुंची है। इससे उनके उपर मैच के दौरान थकान हावी हो सकती है लेकिन उनका मुख्य ध्यान जल्दी से भारतीय कंडीशंस के साथ तालमेल बैठाने पर होगी।
भारत और इंग्लैंड के बीच हाल के सालों में कई महत्वपूर्ण क्रिकेट मैच खेले गए हैं। जब भी ये दोनों टीमें मुकाबला करती हैं, तो रोमांच और प्रतिस्पर्धा का माहौल होता है। इसके अलावा, आईसीसी टूर्नामेंट में टीम इंडिया के लिए इंग्लैंड हमेशा से एक चुनौतीपूर्ण टीम रही है।
यह भी पढ़ें: भारत के तीन खिलाड़ी नहीं ले सके एशियाई खेलों में भाग, भारत ने चीन को लताड़ा
4 साल में 2 बार दिया दर्द
आईसीसी टूर्नामेंट में बीते 4 साल में, इंग्लैंड ने भारत को 2 बार दर्द दिया है। पिछले साल, ऑस्ट्रेलिया में हुए टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल मैच शायद ही कोई भारतीय क्रिकेट फैन भूला होगा। इंग्लैंड ने टीम इंडिया को बहुत ही बुरी तरह से हराया था। उस मैच में एलेक्स हेल्स और जोस बटलर की जोड़ी ने भारतीय गेंदबाजों की जमकर धुनाई की थी। इंग्लैंड ने उस मैच को 10 विकेट से जीतकर फाइनल में जगह बनाई और फिर ट्रॉफी भी अपने नाम की।
2019 में, अपने घर में हुए वनडे विश्व कप में इंग्लैंड ने भारत को लीग स्टेज में हराया था। इंग्लैंड ने पहले बैटिंग करते हुए 50 ओवर में 337 रन का स्कोर खड़ा किया था। इस मैच में जॉनी बेयरस्टो ने तूफानी शतक लगाया था। इस मैच के बाद भारत को अपनी गेंदबाजी रणनीति में बदलाव करना पड़ा।

