Balochistan Bomb Explosion : पाकिस्तान के बलूचिस्तान (Balochistan) प्रांत में एक विस्फोट में 52 लोगों की मौत हो गई है। मरने वालों में कुछ पुलिस बल के लोग भी शामिल हैं। कई अन्य लोग घायल हैं। जानकारी के मुताबिक हमले में जहां 52 लोगों की मौत हुई है वहीं लगभग 50 से अधिक लोग हमले में घायल हुए हैं। मस्तुंग के सहायक आयुक्त अत्ताहुल मुनीम ने कहा है कि बलूचिस्तान के मस्तुंग में अल फलाह रोड पर स्थित मदीना मस्जिद के पास एक विस्फोट हुआ। यह तब हुआ जब लोग ईद मिलाद-उन-नबी के मौके पर जुलूस में हिस्सा लेने के लिए वहां इकट्ठा हो रहे थे।
शहीद नवाब गौस बख्श रायसानी मेमोरियल हॉस्पिटल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ सईद मीरवानी के हवाले से मौतों की पुष्टि की गई है। सिटी स्टेशन हाउस ऑफिसर मोहम्मद जावेद लेहरी ने कहा है कि विस्फोट में एक पुलिस अधिकारी की भी मौत हो गई है। उन्होंने बताया कि यह विस्फोट एक आत्मघाती विस्फोट था, जो डीएसपी गिसखौरी की कार के पास में विस्फोट हुआ।
ये भी पढ़ें : Greater Noida: ट्विन टावर के नतीजे के बाद भी नहीं सुधर रहे सुपरटेक बिल्डर
बलूचिस्तान के अंतरिम सूचना मंत्री जान अचकजई ने कहा कि एक बचाव दल मस्तुंग भेजा गया है। उन्होंने कहा कि गंभीर रूप से घायल लोगों को क्वेटा ले जाया जा रहा है और सभी अस्पतालों में आपातकाल लागू कर दिया गया है। जन अचकजई ने कहा, हमारे दुश्मन विदेशी मदद से बलूचिस्तान में धार्मिक सहिष्णुता और शांति को नष्ट करना चाहते हैं।
पाकिस्तान के अंतरिम गृह मंत्री सरफराज अहमद बुगती ने विस्फोट में जान गंवाने वाले लोगों पर दुख व्यक्त किया है और विस्फोट की निंदा की है। बुगती ने कहा कि आतंकवादियों का कोई धर्म या आस्था नहीं होती और बचाव अभियान के दौरान सभी संसाधनों का इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि घायलों के इलाज में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी और आतंकवादी तत्व किसी रियायत के पात्र नहीं हैं।

