Mann Ki Baat 105th Episode : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज अपने रेडियो कार्यक्रम मन की बात के 105वें संस्करण को संबोधित किया। इस दौरान पीएम मोदी ने कई मुद्दों पर चर्चा की जहां एक ओर उन्होंने चंद्रयान से लेकर जी-20 के सफल आयोजन की बात की तो दूसरी ओर उन्होंने पर्यटन से लेकर संस्कृति की भी बात पर जोर दिया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि उनके पास दो विषयों को लेकर सबसे ज्यादा पत्र आए, जिनमें चंद्रयान-3 और जी-20 शामिल रहा।
पीएम मोदी ने कहा कि चंद्रयान-3 की सफलता के बाद जी-20 के शानदार आयोजन ने हर भारतीय की खुशी को दोगुना कर दिया। भारत मंडपम तो अपने आप में एक सेलिब्रिटी की तरह हो गया है। लोग उसके साथ सेल्फी खिंचा रहे हैं और गर्व से पोस्ट भी कर रहे हैं। भारत ने इस समिट में अफ्रीकन यूनियन को जी-20 में पूर्ण सदस्य बनाकर अपने नेतृत्व का लोहा मनवाया है। “
पीएम मोदी ने कहा, “दिल्ली में एक और रोमांचक कार्यक्रम होने जा रहा है। जी-20 यूनिवर्सिटी कनेक्ट प्रोग्राम। इस प्रोग्राम से देश भर के लाखों यूनिवर्सिटी के छात्र एक-दूसरे से जुड़ेंगे। इसमें आईआईटी, आईआईएम, एनआईटी और मेडिकल कॉलेजों जैसे कई प्रतिष्ठित संस्थान भी भाग लेंगे। मैं चाहूंगा कि अगर आप कॉलेज स्टूडेंट हैं तो 26 सितंबर को होने वाले इस कार्यक्रम को जरूर देखिएगा। इससे जरूर जुड़िएगा।”
पीएम ने कहा कि भारत में अब वैश्विक धरोहरों की संख्या 42 हो गई है। भारत का प्रयास है कि हमारे ज्यादा से ज्यादा ऐतिहासिक और सांस्कृतिक जगहों को विश्व धरोहर के तौर पर मान्यता मिले। पीएम ने कहा कि भारत में एक से बढ़कर एक विश्व हेरिटेज साइट्स हैं। कुछ ही दिन पहले शांति निकेतन और कर्नाटक के पवित्र होयसड़ा मंदिरों को विश्व धरोहर घोषित किया गया है।

