Noida Accident News : थाना सेक्टर-58 क्षेत्र में दुकान से घर लौट रहे 8 साल के मासूम को एक अज्ञात ट्रैक्टर चालक ने टक्कर मार दी। दुर्घटना में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंचे परिजनों ने घायल बच्चे को नोएडा जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए दिल्ली सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां बच्चे की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। इस मामले में मृतक बच्चे के पिता ने थाने में अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।
जानकारी के अनुसार, खोड़ा कॉलोनी में कृष्ण चंदन राम अपने परिवार के साथ रहते हैं। कृष्ण चंदन ने सेक्टर-58 थाना पुलिस से शिकायत करते हुए बताया कि बीती 20 सितंबर की शाम को उनका 8 वर्षीय बेटा अजीत उनकी दुकान से रजत विहार थापर गेट की तरफ जा रहा था। तभी पीछे से जा रहे एक अज्ञात ट्रैक्टर चालक ने उनके बेटे को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में 8 वर्षीय अजीत गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना पर पहुंचे परिजनों ने तुरंत उसे नोएडा के जिला अस्पताल में भर्ती कराया। बच्चे की गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल चिकित्सकों ने उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जहां उपचार के दौरान अजीत की मौत हो गई। मृतक बच्चे के पिता की शिकायत पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। दुर्घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की मदद से ट्रैक्टर चालक की पहचान करने में जुटी है। बच्चे की मौत के बाद से परिवार में कोहराम मचा है।

