Noida News : साइबर फ्रॉड में आजकल हर दिनों हजारों लोग अपना नुकसान करा बैठते हैं। कहीं पैसे का लालच तो कहीं डराकर ठग आम जनता से हजारों से लेकर लाखों रुपए तक ठग लेते हैं। घर बैठे पार्ट टाइम नौकरी कर लाखों रुपये कमाने का झांसा देकर युवती से 21 लाख 10 हजार रुपये ठगे जाने का मामला सामने आया है। पीडि़ता को टेलीग्राम ऐप के एक ग्रुप में जोडक़र ठगी की गई। साइबर क्राइम पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नौकरी का दिया झांसा
भंगेल निवासी निकिता कुमारी ने बताया कि वह ऑनलाइन पार्ट टाइम नौकरी तलाश रही थीं। इसी दौरान एक अनजान नंबर से उसके पास मैसेज आया, जिसमें टास्क पूरा कर घर बैठे प्रति माह लाखों रुपये कमाने की बात कही गई। मैसेज में दिए गए नंबर पर कॉल करने पर महिला को टास्क देकर टेलीग्राम ऐप के एक ग्रुप में जोड़ दिया गया।
टास्क पूरा करने पर दिए पैसे
टास्क पूरा करने से पहले कुछ धनराशि जमा करवाई गई। इसके बाद जालसाज ने एक वेबसाइट पर युवती की एक यूजर आइडी बनवाई। साथ ही, कहा कि जमा धनराशि इस वेबसाइट पर दिखाई देगी। उसका लिंक भी दिया। शुरुआती टास्क पूरा करने पर जालसाज ने 100 रुपये पेटीएम में ट्रांसफर किए। इसके बाद जालसाज टास्क पूरा कराते गए और पीडि़ता से धनराशि बैंक खातों में ट्रांसफर कराते गए।
यह भी पढ़ें: कौन था हरदीप सिंह निज्जर जिसकी वजह से इंडिया कानाडा के रिश्तों में पड़ी दरार ?
नाइजीरियन गिरोह द्वारा ठगी
पीडि़ता ने 11 से 13 अगस्त के बीच 28 बार में 21 लाख 10 हजार रुपये ट्रांसफर किए। रुपये निकालने की कोशिश की तो आरोपितों ने ग्रुप से बाहर निकाल दिया और नंबर भी ब्लॉक कर दिया। युवती ने अपनी कुल जमा पूंजी के साथ ही दोस्तों और करीबियों से रकम उधार लेकर उक्त खातों में ट्रांसफर की। साइबर क्राइम थाने की प्रभारी रीता यादव ने बताया कि नाइजीरियन गिरोह द्वारा ठगी करने की आशंका है। लोग ऐसे लुभावने काम के झांसे में न आएं।

