Bharatpur Road Accident: राजस्थान के भरतपुर में हुए भीषण सड़क हादसे पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दुख व्यक्त किया है और साथ ही प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा भी की। पीएम कार्यालय के तरफ से एक्स पोस्ट में कहा गया है कि राजस्थान के भरतपुर में हुआ सड़क हादसा अत्यंत दुखद है। इसमें गुजरात से धार्मिक यात्रा पर गए जिन श्रद्धालुओं को अपनी जान गंवानी पड़ी है, उनके परिवारजनों के प्रति मेरी शोक-संवेदनाएं। इसके साथ ही मैं सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।
यह भी पढ़ें: नोएडा में डेंगू का कहर, 4 दिन में 3 मौतें, अस्पतालों में ओपीडी फुल
सीएम और पीएम ने की मुआवजे की घोषणा
एक दूसरे पोस्ट में कहा गया कि पीएम मोदी ने भरतपुर में हुए दुर्घटना के कारण जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के लिए पीएमएनआरएफ से 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि को मंजूरी दी है और घायलों को 50-50 हजार रुपये दिए जाएंगे। गौरतलब है कि गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने भी हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को 4-4 लाख रुपय देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने घायलों को 50-50 हजार रुपय की सहायता राशि देने का एलान किया है।
यह भी पढ़ें: शारदा यूनिवर्सिटी पहुंचे कोरियन पॉप स्टार सिंगर, किया लाइव म्यूजिक शो
तेज रफ्तार ट्रक बना काल
बता दें कि आज सुबह आगरा-जयपुर हाईवे पर किनारे खड़ी गुजरात के भावनगर से मथुरा जा रही बस को तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। जिससे बस में सवार 11 यात्रियों की दर्दनाक मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए। गुजरात कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद शक्ति सिंह गोहिल ने मृतकों के परिजनों के प्रति शोक व्यक्त करते हुए कहा है कि सर्वशक्तिमान ईश्वर मृतकों की आत्मा को शांति दे और दुर्घटना में घायल हुए सभी लोगों को स्वस्थ करे। ईश्वर मृतक के परिवार को आकस्मिक दुःख सहने की शक्ति दे।
यह भी पढ़ें; शराब पीने के बाद दोस्त ने दोस्त की कर दी हत्या, जानें पूरा मामला

