G-20 India Summit 2023 : दिल्ली में आयोजित G20 शिखर सम्मेलन में पीएम मोदी ने कहा, कोविड-19 के बाद विश्व में बहुत बड़ा संकट विश्वास के अभाव का आया है। युद्ध ने ट्रस्ट डेफिसिट को और गहरा किया है। जब हम कोविड को हरा सकते हैं तो आपसी अविश्वास के तौर पर आए संकट को भी हरा सकते हैं। हम सब मिलकर ग्लोबल ट्रस्ट डेफिसिट को एक विश्वास और एक भरोसे में बदलें। ये सबके साथ मिलकर चलने का समय है। सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास का मंत्र हम सब के लिए पथ प्रदर्शक बन सकता है।
अफ्रीकी संघ बना जी-20 का हिस्सा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने अफ्रीकी संघ (African Union) के प्रमुख को जी20 के स्थायी सदस्य के रूप में अपनी सीट लेने के लिए आमंत्रित किया। पीएम मोदी ने G20 की शुरुआत से पहले मोरक्को में हाल ही में आए भूकंप में हुई कई लोगों की मृत्यु पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भारत हर संभव मदद करने के लिए तैयार है।
देश के अलग-अलग राज्यों की प्रोडक्ट प्रदर्शनी
G20 के मुख्य समन्वयक हर्षवर्धन श्रृंगला भारत मंडपम में प्रदर्शनी केंद्र पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कई स्टॉल का भी निरीक्षण किया। यहां उनका स्वागत किया गया। इस दौरान उन्होंने कहा, ‘यहां पर लगभग 30 राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों के प्रोडक्ट प्रदर्शित किए गए हैं। RBI के इनोवेशन हब में सेंट्रल बैंक डिजिटल करेंसी का पहली बार प्रदर्शन हो रहा है, तो अंतर्राष्ट्रीय प्रतिनिधि जिनके बैंक अकाउंट भारत में नहीं होंगे उनके मोबाइल वॉलेट से पैसे डाल सकते हैं।’’
कोनार्क व्हील बना आकर्षण का केंद्र
जी20 शिखर सम्मेलन (G20 Summit) की औपचारिक शुरुआत हो चुकी है। तमाम देशों के शीर्ष नेता एक मंच पर आकर कई अहम मुद्दों पर गहन चर्चा कर रहे हैं। लेकिन इस बीच खास है इस बैठक का आयोजन स्थल, जहां भारतीय संस्कृति को बेहद खूबसूरती से दर्शाने की कोशिशें की गईं हैं। इन्हीं कोशिशों का एक नमूना है कोणार्क मंदिर का अरुण स्तंभ, जिसे उस स्थान पर लगाया गया है, जहां पीएम मोदी (PM Modi) ने सभी देशों के शीर्ष नेताओं का स्वागत किया। इस दौरान पीएम मोदी उन्हें उसके महत्व की जानकारी देते भी नज़र आए।

