Greater Noida News : ग्रेटर नोएडा के खैरपुर गांव में बंद पड़े टेंट के गोदाम में भीषण आग लग गई। यह आग इतनी भीषण थी कि पूरे गोदाम को इसने अपनी आगोश में ले लिया और दूर से ही इसकी लपटें दिखाई दे रही थी। सूचना के बाद तत्परता दिखाते हुऐ दमकल विभाग की टीम और पुलिस मौके पर पहुंची और दमकल की 10 गाड़ियों की मदद से केई घंटों की बड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
टेंट के गोदाम में लगी भीषण आग
ईकोटेक 3 थाना क्षेत्र के अंतर्गत खैरपुर गुर्जर गांव के पास ही एक टेंट का गोदाम है, जो कि बंद पड़ा हुआ है। दमकल विभाग को शुक्रवार रात 9 बजकर 22 मिनट पर सूचना मिली कि टेंट के गोदाम में आग लग गई है। सूचना के तुरंत बाद दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग बुझाने में जुट गई। यह टेंट का गोदाम था, जिसमें काफी टेंट के कपड़े व लकड़ी का सामान था। इस वजह से आग और भीषण होती चली गई। इसके बाद आसपास की दमकल की गाड़ियों को बुलाया गया। इस दौरान करीब 10 दमकल की गाड़ियों द्वारा इस आग पर काबू पाने की कोशिश की जाने लगी। करीब 3 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
लाखों का सामान जलकर हुआ खाक
गनीमत यह रही की इस भीषण आग में कोई भी हताहत नहीं हुआ है क्योंकि गोदाम में जिस समय आग लगी उस समय वहां पर कोई मौजूद नहीं था, लेकिन इस आग से लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो गया। अभी तक आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस और दमकल विभाग आग लगने के कारणों की जांच कर रहे हैं। यह आग इतनी भीषण थी कि रात में दूर से ही इसकी लपटे दिखाई दे रही थी।
3 घंटे में पाया गया आग पर काबू
सीएफओ गौतमबुद्ध नगर प्रदीप कुमार चौबे समेत टीम ने तत्परता दिखाते हुए भीषण आग पर 3 घंटे में बड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू। सीएफओ गौतमबुद्ध नगर प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि करीब 9:22 पर हमारी टीम को सूचना मिली कि खैरपुर गुर्जर गांव के पास एक बंद पड़े टेंट के गोदाम में आग लग गई है। सूचना के तुरंत बाद तत्परता दिखाते हुऐ कार्रवाई की गई। करीब 10 दमकल की गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया गया। इस हादसे में कोई भी जनहानि नहीं हुई है, आग लगने के कारण की जांच की जा रही है।

