One Nation, One Election : वन नेशन, वन इलेक्शन को लेकर अब मुख्य चुनाव आयुक्त ने भी अपनी प्रतिक्रिया साझा की है। बता दें, सरकार ने एक आठ सदस्यीय कमेटी का भी गठन किया था, जिसकी पहली बैठक पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई है।
कानूनी प्रावधानों के अनुसार चुनाव को तैयार
बुधवार को मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहा कि चुनाव आयोग कानूनी प्रावधानों के अनुसार चुनाव कराने को तैयार है। कुमार ने कहा, ”कानूनी प्रक्रियाओं, संविधान और आरपी अधिनियम के अनुसार, हमें चुनाव कराने का अधिकार है और हम इसके लिए तैयार हैं।”
केंद्र और राज्य की स्तिथि एक जैसी
राजीव कुमार ने आगे बताया “हमारा कर्तव्य संवैधानिक प्रावधानों और आरपी अधिनियम के अनुसार समय से पहले चुनाव कराना है। अनुच्छेद 83 (2) कहता है कि संसद का कार्यकाल 5 वर्ष होगा और आरपी अधिनियम की धारा 14 कहती है कि 6 महीने पहले हम चुनावों की घोषणा कर सकते हैं। ऐसी ही स्थिति राज्य विधानसभाओं के लिए भी है। कानूनी प्रावधानों के अनुसार, हम चुनाव कराने के लिए हमेशा तैयार हैं।”
कमेटी में कुल आठ सदस्य शामिल
समिति में अध्यक्ष पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के अलावा गृहमंत्री अमित शाह, कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी, गुलाम नबी आजाद, वित्त आयोग के पूर्व अध्यक्ष एनके सिंह, वरिष्ठ वकील हरीश साल्वे, लोकसभा के पूर्व महासचिव सुभाष सी कश्यप और पूर्व मुख्य सतर्कता आयुक्त संजय कोठारी शामिल होंगे। हालांकि कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी ने न्योता ये कह कर ठुकरा दिया कि कमेटी में राज्यसभा के नेता प्रतिपक्ष को शामिल नहीं किया गया है।

