देश का नाम बदले की चर्चा के बीच यूपी की पूर्व मुख्यमंत्री और बसपा सुप्रीमों मायावती का अहम बयान आया है। उन्होंने संविधान में छेड़छाड़ करने को लेकर पक्ष और विपक्ष पर निशाना साधा है। बसपा प्रमुख ने कहा कि यह पक्ष और विपक्ष की सोची समझी चाल है। विपक्ष ने सत्ता पक्ष एनडीए को संविधान में छेड़छाड़ करने का मौका दिया है और अगर एनडीए को इंडिया गठबंधन नाम पर ऐतराज था तो उन्हें सुप्रीम कोर्ट जाना चाहिए था। मायावती ने पक्ष विपक्ष की साठगांठ की बात कही है। उन्होंने कहा कि एनडीए और इंडिया गठबंधन में मिलीभगत है। बसपा संविधान में छेड़छाड़ का समर्थन नहीं करती है।
सुप्रीम कोर्ट स्वतः संज्ञान ले
बता दें कि पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने आगे कहा कि इसी चर्चा के चलते खास और जरुरी मुद्दे नजरअंदाज हो गए है। इसीलिए बसपा पार्टी इन दोनों गठबंधनों एनडीए और इंडिया से दूरी बनाई हुई है। यह दूरी जनहित के लिए है। उन्होंने आगे कहा कि देश के नाम बदलने को लेकर जो संकीर्ण राजनीति की जा रही हैं, वह गलत है। उन्होंने मांग की है कि सर्वोच्च न्यायालय इस मामले में स्वतः संज्ञान लें। मायावती ने देश के नाम से बने संगठन इंडिया को लेकर भी निशाना साधते हुए कहा कि कोर्ट स्वतः संज्ञान लेकर ऐसे नाम रखने वाले संगठनो को प्रतिबंधित कर दें। अगर ऐसा नहीं किया गया तो देश की गरिमा को ठेस पहुंचेगी।

