Greater Noida News : रबूपुरा क्षेत्र स्थित खेड़ा मोहम्मदाबाद गांव के पास तेंदुए के शावकों जैसे दिखने वाले जानवरों का वीडियो बनाकर ग्रामीणों ने मंगलवार को वायरल कर दिया। ग्रामीणों ने आसपास मादा तेंदुए के होने की भी आशंका जताई। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने गांव में कई घंटे तक जांच पड़ताल की, लेकिन शावक नहीं मिले। शाम को वन अधिकारी ने दावा किया कि जांच में तेंदुए के पंजे नहीं मिले। उन्होंने वीडियो में दिख रहे चार-पांच शावकों को जंगली बिल्ली के बच्चे बताया। वहीं, तेंदुए के शावक वाले दूसरे वीडियो को पुराना और किसी दूसरे स्थान का बताया।
तेंदुए नहीं जंगली बिल्ली के बच्चे
ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने गांव निवासी मनीराम और दीपक सिंह के घर के पास ज्वार के खेत में शावकों को देखा था। खबर गांव में फैलने पर भीड़ जमा हो गई। इसी दौरान शावकों का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया गया। ग्रामीणों ने दावा किया कि वीडियो में तेंदुए के शावक हैं। सूचना पर पुलिस व वन विभाग की टीम खेड़ा मोहम्मदाबाद गांव पहुंच गई। टीम ने ग्रामीणों और वीडियो वायरल करने वाले युवकों से पूछताछ की। इसके बाद उस खेत पर पहुंचे जहां पर शावक दिखे थे। डिप्टी रेंजर मोहम्मद तालिब ने बताया कि खेत या उसके आसपास कहीं भी तेंदुए के पंजों के निशान नहीं मिले हैं। जिस वीडियो में चार-पांच शावक दिख रहे हैं, वह जंगली बिल्ली के बच्चे हैं। अकेले शावक का वीडियो पुराना है और किसी दूसरे क्षेत्र का है।
तेंदुए के शावक को परेशान करते दिखे युवक
वन अफसर जिस वीडियो को पुराना व कहीं और का बता रहे हैं। उस वीडियो में कुछ युवक तेंदुए के शावक को परेशान करते दिखाई दे रहे हैं। सोशल मीडिया पर लोग शावक को परेशान नहीं करने की भी अपील कर रहे हैं। गौतमबुद्ध नगर कमिश्नरेट पुलिस के ट्विटर हैंडल से कहा गया है कि पुलिस व वन विभाग की टीम मामले की जांच कर रही है।

