ISKCON Noida Janmasthami : नोएडा सेक्टर-33 इस्कॉन मंदिर में श्री कृष्ण जन्माष्टमी का त्यौहार बड़े ही धूमधाम से मनाया जाएगा। इसकी तैयारी मंदिर प्रशासन ने शुरू कर दी है। मंदिर को रंग बिरंगी लाइट और फूलों से सजाया जा रहा है। वहीं भक्तों की संख्या को देखते हुए एलिवेटेड रोड की नीचे की सड़क को बंद कर दिया जाएगा। फिलहाल मंदिर के सामने की रोड को बंद कर दिया गया है। वहीं, मंदिर परिसर में सामने की तरफ भी मूर्तियां और झांकी सजाई जा रही हैं।
विदेश से मंगवाए गए फूल
भगवान के श्रृंगार के लिए वृंदावन से फूल मंगवाए गए हैं। कुछ रंग-बिरंगे फूल विदेशों से भी मंगवाए गए हैं। मंदिर से जुड़े भक्त भगवान के भोग के लिए अलग-अलग व्यंजन बनाने में जुटे हुए हैं। मंदिर को सजाने का काम पिछले एक हफ्ते से चल रहा है। इस्कॉन मंदिर में रंग-बिरंगी लाइटें लगा दी गईं हैं। जन्माष्टमी के दिन कान्हा का दूध, दही, शहद, घी, फलों के रस और पुष्प से अभिषेक किया जाएगा। जन्माष्टमी वाले दिन भगवान के नाम का कीर्तन होगा।
ऑनलाइन भी कर सकेंगे दर्शन
सात सितंबर की सुबह 4:30 से रात्रि 12 बजे तक मंदिर प्रांगण में भक्त दर्शन के लिए आ सकते हैं। इस साल मंदिर में देश-विदेश से लाखों भक्त सम्मिलित होने के लिए पहुंचेंगे। जन्माष्टमी के दिन भक्त, ऑनलाइन दर्शन भी कर सकते हैं। नोएडा के इस्कॉन मंदिर के फेसबुक और यूट्यूब चैनल पर ऑनलाइन दर्शन की सुविधा उपलब्ध रहेगी। मंदिर प्रशासन की तरफ से अपील की गई है की छोटे बच्चे और गर्भवती महिलाएं ऑनलाइन भगवान कान्हा के दर्शन करें।
सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस तैयार
नोएडा पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर अपनी तैयारी शुरू कर दी है। एडीसीपी शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि जन्माष्टमी के दिन करीब चार लाख लोगों के आने का अनुमान है। इस दिन इस्कॉन मंदिर के आसपास दो हजार से अधिक जवान तैनात किए जाएंगे। मंदिर के चारों तरफ सीसीटीवी कैमरे लगवाए जा रहे हैं। इन कैमरों की निगरानी के लिए एक कंट्रोल रूम बनाया जाएगा। असामाजिक तत्वों के लिए सादे कपड़ों में जवानों की ड्यूटी लगाई जाएगी।

