गाजियाबाद। सफाई कर्मचारियों की बस्ती में जाकर उनके वेलफेयर से संबंधी जानकारियां, उनका मेडिकल चेकअप, उनकी मांगों का संपूर्ण ध्यान रखें। सरकारी योजनाओं से उनको अवगत कराएं। यह बात राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग की उपाध्यक्ष अंजना पवार ने कर्मचारियों की समस्याएं सुनते समय अधिकारियों से कही।
बता दें कि वह सोमवार को प्रताप बिहार स्थित गंगाजल गेस्ट हाऊस में पहुंची थी। इस अवसर पर सैकड़ो कार्यकर्ताओं ने उपाध्यक्ष को माला पहनकर जोरदार स्वागत और अभिनंदन किया। इस दौरान प्रतिनिधियों ने उनके सामने समस्याओं को रखा। साथ ही निस्तारण की भी मांग की।
तीन हजार सफाई कर्मचारियों के विनियमित का मुद्दा मुख्य रहा
सर्वाधिक समस्याएं नगर निगम, जिला समाज कल्याण अधिकारी, पुलिस व प्रशासन से जुडी हुई मिली। समस्याओं के समाधान को लेकर मंगलवार यानी की आज आयोग की उपाध्यक्ष जिला मुख्यालय सभागार में संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगी। इसमें जनपद में सफाई कर्मचारियों की दिशा व दशा, सफाई कर्मचारी आयोग की योजनाएं, केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं का प्रचार किस तरह हुआ है इसके बारे में भी जानेंगी।
उधर सोमवार को अखिल भारतीय वाल्मीकि महासभा, स्थानीय निकाय सफाई मजदूर संघ, अखिल भारतीय सफाई मजदूर संघ आदि संगठनों से आए प्रतिनिधियों ने समस्याएं मजदूर संघ की उपाध्यक्ष के सामने रखी। नगर निगम से जुड़े वाहन चालक संघ, सफाई नायक संघ द्वारा अपनी समस्याओं से उन्हें अवगत कराया। इसमें बोर्ड प्रस्ताव के अधीन रखें तीन हजार सफाई कर्मचारियों के विनियमित कारण का मुद्दा मुख्य रहा।
5200 नए सफाई कर्मचारियों की भर्ती करने की मांग
महानगर की जनसंख्या के अनुपात को देखते हुए 5200 नए सफाई कर्मचारियों की भर्ती करने की मांग कर्मचारी नेता प्रदीप चौहान ने उपाध्यक्ष के समक्ष रखी। कार्यक्रम का संचालन करते हुए भाजपा नेता प्रदीप चौहान वाल्मीकि ने उत्तर प्रदेश के सफाई कर्मचारियों का ज्ञापन भी उपाध्यक्ष को सौंपा। इसमें उपाध्यक्ष ने वहां उपस्थित अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
इस दौरान नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ मिथिलेश कुमार, नगर मजिस्ट्रेट शुभांगी शुक्ला, एसडीएम मोदीनगर, जिला समाज कल्याण अधिकारी बैठक में विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर प्रवीण गहलोत वाल्मीकि, आजाद वाल्मीकि, शक्ति जीनवाल, सतीश पर्चा, मनोज भारत, गौरव वाल्मीकि, अजय देसी, वीरू, अशोक गहलोत, नीरज वाल्मीकि, शनि वाल्मीकि, सफाई नायक संघ के अध्यक्ष पिंकी वाल्मीकि, संजय टॉक, राजपाल सिंह, राकेश पाराशर, ड्राइवर संघ के अध्यक्ष चौधरी सुरेंद्र सिंह, मनोज काकड़ा आदि लोग उपस्थित रहें।

