ग्रेटर नोएडा। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का निर्माण कार्य शुरू होने के साथ ही औद्योगिक गतिविधियों को गति मिलनी शुरू हो गई है। शनिवार को टॉय पार्क कलस्टर में भूमि पूजन किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि प्रमुख सचिव औद्योगिक विकास एवं यमुना प्राधिकरण के अध्यक्ष डॉ. अनिल सागर रहे।
135 कंपनियों को जमीन आवंटित
ज्ञात हो कि अभी कुछ दिन पहले ही अपैरल पार्क में भूमि पूजन किया गया था। यमुना प्राधिकरण द्वारा यीडा सिटी के सेक्टर- 33 में टॉय पार्क विकसित किया जा रहा है। टॉय कलस्टर में खिलौना उद्योग से जुड़ी 135 कंपनियों को जमीन आवंटित की गई है। डॉ. अनिल सागर ने कहा कि उत्तर प्रदेश व केंद्र सरकार दोनों की नीति है कि ज्यादा से ज्यादा औद्योगिक क्षेत्र में विकास किया जाए।
टॉय सिटी के नाम से भूखंड आवंटित
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी अपनी मनसा जाहिर की थी कि भारत खिलौने बनाने में भी अव्वल नंबर पर रहे और इसी दिशा निर्देश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के द्वारा टॉय संगठन को यमुना प्राधिकरण में टॉय सिटी के नाम से भूखंड आवंटित किए गए थे।
ये गणमान्य व्यक्ति रहें मौजूद
बता दें कि भूखंड लेने वाले उद्यमियों ने अब कब्जा लेकर काम शुरू करने की तैयारी कर दी है। इस मौके पर प्राधिकरण के एसीईओ कपिल सिंह, ओएसडी शैलेंद्र भाटिया, डीजीएम इंडस्ट्री स्मिता सिंह आदि अधिकरियों के अलावा टॉयज संगठन के उपाध्यक्ष एवं लिटिल जीनियस टॉयज प्राइवेट लिमिटेड के अध्यक्ष नरेश गौतम, अजय गुप्ता, तरुण चेतवानी, विपिन निजावान आदि उद्यमी मौजूद रहे।

