ग्रेटर नोएडा। विभिन्न मांगों को लेकर सपा कार्यकर्ताओं ने शनिवार को जुलूस निकाला और डीएम कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद डीएम को ज्ञापन सौंपा। सपा के जिलाध्यक्ष सुधीर भाटी ने कहा कि उत्तर प्रदेश का प्रमुख जनपद होने के बावजूद गौतमबुद्ध नगर जनपद में समस्याओं का अंबार लगा हुआ है। बदहाल किसान, टूटी सड़कें, जलभराव, बदहाल स्वास्थ्य सेवा, बिजली कटौती आदि जिले की प्रमुख समस्या है। नोएडा-ग्रेटर नोएडा जनपद के प्रमुख औद्योगिक शहर हैं, लेकिन विकास के मामले में आज जनपद पिछड़ता जा रहा है।
जन प्रतिनिधियों को जनता की समस्याओं और शिकायत से कोई लेना देना नहीं
उन्होंने कहा कि जनपद के सभी जनप्रतिनिधि सत्तारूढ़ भाजपा से होने के बावजूद भी जनपद की समस्याओं का समाधान ना होना काफी दुर्भाग्यपूर्ण है, भाजपा के जन प्रतिनिधियों को जनता की समस्याओं और शिकायत से कोई लेना देना नहीं है, वे तो केवल जनता को गुमराह और धोखे में रखकर उसका शोषण करने में लगे हुए हैं।
जनता भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों से प्रताड़ित है
सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजकुमार भाटी ने कहा कि आज जनता भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों से प्रताड़ित है। बढ़ती मंहगाई, बेरोजगारी ने आम आदमी को बेदम कर रखा है। जनता ने आगामी लोकसभा चुनाव में उसे सबक सिखाने का मन बना लिया है। उन्होंने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी एवं इंडिया गठबंधन बड़ी जीत हासिल कर केंद्र में सरकार बनाने का काम करेगी।

