Ghaziabad News : गाजियाबाद नगर निगम की महापौर सुनीता दयाल ने दिल्ली में होने वाले G20 सम्मेलन के रूट का निरीक्षण किया। एयर फोर्स हिण्डन से एलिवेटेड रोड होते हुए यूपी गेट तक नगर निगम द्वारा सौंदर्यीकरण का कार्य किया जा रहा है। G20 को देखते हुए दिल्ली एनसीआर में कई जगहों पर सौंदर्यीकरण का काम हो रहा है। दरअसल अलग-अलग देशों के राष्ट्राध्यक्ष अगले कुछ दिनों में भारत में होंगे जिसके चलते दिल्ली चमकाई जा रही है।
जी-20 के मद्देनज़र कराया जा रहा सौंदर्यीकरण
सड़क निर्माण, पेंटिंग, डिवाइडर की रंगाई-पुताई, पेड़ों की छटाई, पेड़ों की धुलाई, कलरफुल लाइटिंग, वेलकम लाइटिंग, बटरफ्लाई लाइट्स, पॉल की रंगाई पुताई, प्रकाश व्यवस्था, नए गमले लगाना, गमलों की पुताई, फूलदार पौधे लगाने, G20 के स्लोगन, सफाई व्यवस्था, कलरफुल टाइल्स, आस-पास की टंकियों पर पेंटिंग्स, होर्डिंग के माध्यम से जागरूकता एवं अन्य कार्य किये जा रहे हैं।
महापौर ने तिरंगा लगाने के दिए निर्देश
महापौर सुनीता दयाल ने अधिकारियों को पूरे रूट पर देश का तिरंगा झंडा लगाने को कहा है। जगह-जगह एलईडी स्क्रीन लगाने को कहा है, जिसमें गाजियाबाद के साथ प्रदेश और देश भर के अलग अलग धरोहरों के चित्र चलाए जाएं और G20 के स्लोगन के नीचे गाजियाबाद नगर निगम लिखने के निर्देश दिए गए है। शहर को साफ-सुंदर बनाने के लिए अपना पूर्ण समर्थन देने को कहा है महापौर ने कहा है कि हर सम्भव कार्य कर अधिकारी G20 के कार्य को समय से पूर्ण करें, इस कार्य मे मेरा पूर्ण योगदान निगम अधिकारियों के साथ है।
भारत के अध्यक्षता में पहली बार हो रहा G20 का आयोजन
भारत को G20 की अध्यक्षता का पहली बार मौका मिला है जिसमें अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडेन, यूनाईटेड किंगडम के प्रधानमंत्री ऋषी सुनक समेत लगभग 25 देशों के राष्ट्राध्यक्ष भारत आएंगे और गाजियाबाद हिण्डन एयर फोर्स से एलीवेटेड होते हुए दिल्ली जाएंगे। जी-20 कार्यक्रम के लिए गाजियाबाद नगर निगम भी दिन रात कार्य कर रहा है।

