नोएडा। सावधान कहीं आप बॉडी बनाने के चक्कर में नकली फूड सप्लीमेंट का सेवन तो नहीं कर रहे। नोएडा के थाना सेक्टर-63 पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से भारी मात्रा में फर्जी फूड सप्लीमेन्ट, रैपर, खाली डिब्बे, पैकिंग मशीन व प्रिन्टिंग मशीन बरामद किए गए हैं। जिनकी कीमत करीब 95 लाख से 1 करोड़ रुपये है। एडीसीपी सेंट्रल नोएडा डॉ राजीव दीक्षित ने बताया कि ये लोग नकली फूड सप्लीमेन्ट को बहुत कम खर्चे में तैयार कर और असली फूड सप्लीमेन्ट के रूप में कंपनी का रैपर लगाकर ऊंची कीमतों में बेचते थे।
दो साल तक आरोपियों ने सीखा था काम
पकड़े गए तीनों आरोपियों ने लगभग दो साल तक गुरुग्राम में सप्लीमेन्ट बनाने का काम सीखा था। वहां से सीखने के बाद ये अपना खुद का सप्लीमेंट बनाने का काम शुरू करना चाहते थे। इसके बाद तीनों यश नाम एक व्यक्ति के संपर्क में आए। जिसने इनकी मदद की और चारों ने खुद का काम करना शुरू कर दिया। जिससे ये लोग काफी मोटा मुनाफा कमाते थे। ये बहुत कम खर्चे में बिना मापदंड व लैब परीक्षण के फर्जी फूड सप्लीमेन्ट तैयार कर और असली फूड सप्लीमेन्ट के रूप में कंपनी का रैपर लगाकर बेचते थे।
धड़ल्ले से नकली फूड सप्लीमेंट तैयार कर मार्केट में आरोपी कर रहे थे धंधा
एक किलोग्राम का फूड सप्लीमेंट कार्टल-वे कंपनी का डिब्बा तैयार कर ये लोग उसे मार्केट में 4,000 से 5,000 रुपये तक का बेचते थे। इन तैयार फर्जी फूड सप्लीमेंट को दिल्ली, हरियाणा के अलग-अलग शहरों व नोएडा आदि क्षेत्रों में बेचा जाता था। पुलिस को जानकारी मिलने पर सेक्टर-63 पुलिस ने सी-140, सेक्टर-63 पर छापा मारकर अमित कुमार साव पुत्र ढालचन्द, अजय सिहं पुत्र माधव सिंह व रोशन पुत्र दिनेश को फर्जी फूड सप्लीमेन्ट जिसमें कुछ तैयार माल व कुछ अधबना माल, रैपर, खाली डिब्बे, पैकिंग मशीन व प्रिन्टिंग मशीन आदि के साथ गिरफ्तार किया ।
ये सप्लीमेंट हुआ बरामद
छोटे व बड़े खाली प्लास्टिक के डिब्बे-3740 पीस
स्कूप (चम्मच प्लास्टिक) अलग-अलग साइज-5000 पीस
15 बोरे माल्टोडेक्सट्रिन पाउडर प्रत्येक बोरा 25 किलोग्राम-कुल 375 किग्रा0
05 बोरे व्हे प्रोटीन प्रत्येक बोरा-25 किग्रा0 कुल 125 किग्रा0
250 डिब्बे तैयार व्हे प्रोटीन प्रत्येक डिब्बा 1 किग्रा0-कुल 250 किग्रा0
200 डिब्बे तैयार व्हे प्रोटीन प्रत्येक डिब्बा 2 किग्रा0-कुल 400 किग्रा0
खाली कैप्सूल शैल करीब 07 हजार
ग्लाइसेन पाउडर-25 किग्रा0
क्रिएटिन-100 किग्रा0
पैकिंग मशीन 02
प्रिटिंग मशीन 01
पैकिंग लैबल-250 पीस
खाली ट्यूब पैकिट-50 पीस

