ग्रेटर नोएडा में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास दिलाने व लोगों को जॉब, लोन दिलाने के बहाने ठगी करने वालों को पुलिस ने दबोच लिया है। आरोपियों में एक महिला समेत दो लोग गिरफ्तार किए गए हैं।
दादरी पुलिस ने रेलवे स्टेशन से ठगी करने वाले फरार चल रहे सत्यवीर व विनीता को गिरफ्तार किया है। पुलिस को आरोपियों के पास चार फाइल, विभिन्न दस्तावेज और दो रजिस्टर बरामद किए गए हैं।
दरअसल दादरी थाने पर गाजियाबाद के रहने वाले ब्रहमदेव ने बताया उन्होनें दादारी के आमका रोड पर एक प्लॉट लिया था और मकान बनवाने के लिए लोन के लिए दादरी के रेलवे रोड पर स्थित जीएस एंटरप्राइजेज पर संपर्क किया। जहां सत्यवीर सिंह और विनिता ने उन्हें 20 लाख का लोन दिलाने की बात कही और कहा कि उसका 10% लेंगे, जिसमें से 5% पहले ही लिया जाएगा।
आरोपियों ने उनसे 2 लाख रूपये ले लिए लेकिन कोई लोन नहीं दिया कई बार उन्हें कॉल किए लेकिन कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया। इसके बाद पीड़ित ने दादरी थाने में शिकायत दर्ज कराई जिसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी और सत्यवीर सिंह, विनिता को हिरासत में ले लिया है।
एडिशनल डीसीपी अशोक कुमार ने बताया कि दोनों आरोपी भरोसा दिलाकर अपनी कम्पनी जीएस एन्टरप्राइजेज के नाम पर आधार कार्ड पर लोन दिलवाने, प्रधानमन्त्री आवास योजना में आवास व लोगों को जॉब दिलवाने के नाम पर लोगों से लोन की कमीशन कुल राशि का 10 प्रतिशत तय करते थे। कमीशन की 5 प्रतिशत धनराशि फाइल चार्ज के नाम पूर्व में ही कैश, फोन पे/, पेटीएम से ले लेते थे। इस तरह से यह लोग आम जनता से लाखों रुपए की ठगी कर चुके हैं। फिलहाल दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।

