ग्रेटर नोएडा। जिले में अवैध रूप से मकान और इमारतें बनाने के कई मामले सामने आ चुके हैं। अब ग्रेनो वेस्ट के शाहबेरी में अवैध क्रिकेट स्टेडियम के निर्माण शुरू करने की जानकारी सामने आई है। ग्रेनो प्राधिकरण के बार बार काम रुकवाने के बावजूद आरोपी अवैध निर्माण से बाज नहीं आ रहे थे। मामले में ग्रेनो प्राधिकरण के सहायक प्रबंधक ने बिसरख कोतवाली में 25 लोगों पर दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज कराई है। इनमें एक एफआईआर में 14 और दूसरी में 11 लोगों को आईपीसी की धारा-188 और 447 के अंतर्गत नामजद किया गया है।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश की अवहेलना कर अधिसूचित भूमि पर जारी है खेल
अधिकारियों ने बताया कि शाहबेरी में सुप्रीम कोर्ट के आदेश की अवहेलना कर अधिसूचित भूमि पर अवैध निर्माण किए जा रहे हैं। क्षेत्र में कुछ लोगों ने चाहरदीवारी खड़ी कर लाइट आदि लगाकर अवैध क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण शुरू कर दिया। बार बार रोकने के बाद भी आरोपी नहीं माने आरोपी चोरी छिपे अवैध निर्माण कर रहे थे। क्रिकेट स्टेडियम के अलावा भी यहां कुछ लोग बहुमंजिला भवनों का निर्माण कर रहे थे। बिसरख कोतवाली प्रभारी ने बताया कि सहायक प्रबंधक की ओर से दर्ज कराए गए मामले की जांच जारी है।
शाहबेरी में अवैध निर्माण पर ग्रेनो प्राधिकरण के सहायक प्रबंधक ने दर्ज कराई रिपोर्ट
अहम है कि शाहबेरी में 17 जुलाई 2015 को दो अवैध भवन ढहने और इनके मलबे में दबकर नौ लोगों की जान चली गई थी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यहां हादसे के बाद अवैध निर्माण करने वालों पर सख्त कार्रवाई के आदेश दिए थे। आरोपियों पर तब कई संगीन धाराओं में केस दर्ज कर गैंगस्टर की कार्रवाई की और बिल्डरों को भी जेल भेजा था। इसके बावजूद यहां बेखौफ अवैध निर्माण जारी है।
खेला जा रहा है धाराओं का खेल
शाहबेरी के खरीदारों का कहना है कि शाहबेरी में श्मशान, शस्त्रु संपत्ति, ट्रस्ट आदि की जमीन पर कब्जा कर अवैध निर्माण किया गया है। अब स्टेडियम के बहाने जमीन को घेरकर कब्जा व अवैध निर्माण किया जा रहा है। सीएम ने यहां अवैध निर्माण व कब्जा करने वालों पर संगीन धारा में केस दर्ज करने व गैंगस्टर की कार्रवाई के आदेश दिए थे। उस दौरान संगीन धाराएं और गैंगस्टर लगाया गया लेकिन अब हल्की धारा में केस दर्ज कर औपचारिकता की जा रही है।
इन पर दर्ज हुई एफआईआर
सहायक प्रबंधक की शिकायत पर पुलिस न गाजियाबाद के अशमत खान व सगीर, राजेश भारद्वाज, जगबीर सिंह कसाना, शाहबेरी के यासीन, तालिब हुसैन दिल्ली आजादपुर के कपिल अरोड़ा, हापुड़ सिंभावली के शहरियार खान, एटा के वैभव मिश्रा, दिल्ली कोंडली के शिवकुमार बंसल, साउथ दिल्ली की दीप्ति मिश्रा के नाम शामिल है। जबकि दूसरे केस में शाहबेरी के सगुवा, मुजाहिद हुसैन खान, कादिर, चिपियाना बुजुर्ग के संतोष चौधरी, शशांक चौधरी, चौड़ा सादतपुर के निशांत कुमार, राजपाल सिंह, श्यौराज सिंह, जिले सिंह, आशेराम, रोजा याकूबपुर गांव के मनीष, संदीप व मंगेश देवी पर केस दर्ज किया है।

