नोएडा। स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए प्रदेश सरकार ने अहम कदम उठाया है। प्रदेशभर के सरकारी अस्पतालों में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। नोएडा के जिला अस्पताल पर भी अब लखनऊ से निगरानी रहेगी। बृहस्पतिवार को उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने लखनऊ से इस नई व्यवस्था का ऑनलाइन उद्घाटन किया।
नोएडा की स्वास्थ्य व्यवस्था पर निगरानी के लिए अस्पताल की ओपीडी से लेकर लैब तक में लगे कैमरे
जिला अस्पताल में 80 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। इनमें से 16 कैमरे लखनऊ स्थित कंट्रोल रूम से जुड़े गए। अस्पताल की ओपीडी, पंजीकरण काउंटर, आपातकालीन विभाग, पैथोलॉजी लैब और रेडियोलॉजी विभाग से लेकर अन्य स्थानों पर कैमरे लगा दिए हैं। इन कैमरों का एक नियंत्रण कक्ष अस्पताल की सीएमएस के कार्यालय में भी बना हुआ है।
लखनऊ से ऑनलाइन ही उप-मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने नोएडा के जिला अस्पताल का जाना हाल
बृहस्पतिवार को उप मुख्यमंत्री ने इन कैमरों के जरिये लखनऊ में बैठकर नोएडा के जिला अस्पताल का हाल जाना। सुबह से ही अस्पताल में व्यवस्था चाक-चौबंद थी। उद्घाटन के लिए सबसे पहले नोएडा के अस्पताल को चुना गया। अस्पताल की सीएमएस डॉ. रेनू अग्रवाल ने बताया कि अस्पताल में जगह-जगह लगे कैमरों से हर गतिविधि पर नजर रखना आसान हो गया है। निश्चित तौर पर इससे स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार देखने को मिलेगा।

