ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट की निराला एस्टेट सोसाइटी से 13 अक्तूबर 2021 को ओडिशा भेजा गया लगभग आठ लाख रुपये का घर का सामान व तीन लाख रुपये नकदी पैकर्स एंड मूवर्स ने हड़प ली। मल्टीनेशनल कंपनी के मैनेजर ने ओडिशा स्थानांतरण होने पर ये सामान डीएचएल नाम के पैकर्स एंड मूवर्स से ऑनलाइन संपर्क कर भेजा था।
पुलिस ने पांच पर केस किया दर्ज जांच की शुरू
आरोपियों ने इसकी एवज में 35 हजार रुपये एडवांस ले लिए थे और 65 हजार रुपये का नया बिल भेज दिया। हालांकि आरोपियों ने दो साल बाद भी मैनेजर का सामन नहीं भेजा और पुलिस ने भी शिकायत पर सुनवाई नहीं की। इसके चलते पीड़ित ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया अब कोर्ट के आदेश पर बिसरख कोतवाली पुलिस ने पैकर्स मूवर्स के मालिक, ट्रक मालिक, चालक समेत पांच पर केस दर्ज कर जांच शुरू की है।
मूलरूप से बिहार के सिवान जिला निवासी सच्चिदानंद सिंह ने बताया कि वह अबुधाबी की मल्टीनेशनल कंपनी में गौतमबुद्ध नगर में काम करते थे। ग्रेनो वेस्ट की निराला एस्टेट सोसाइटी में परिवार सहित रहते थे। नवंबर 2021 में उनका स्थानांतरण कंपनी ने ओडिशा कर दिया उन्होंने गूगल से सर्च कर डीएचएल पैकर्स मूवर्स का नंबर लेकर संपर्क किया उनकी बात मालिक राहुल अग्रवाल, प्रो. सतीश कुमार, कर्मचारी मनीषा कुमारी से हुई।
ट्रक मालिक अनिल के कहने पर चालक दिनेश यादव ट्रक लेकर सोसाइटी में पहुंचा। कर्मचारियों ने ही फ्लैट से सारा सामान ट्रक में लादा। मैनेजर ने सूटकेस के अंदर तीन लाख रुपये की नकदी भी रख दी। चालक ट्रक लेकर ओडिशा के लिए रवाना हो गया, लेकिन वहां पहुंचा नहीं। संपर्क करने पर आरोपियों ने नया बिल भेजकर लगभग 31 हजार रुपये और देने की मांग की। पुलिस से शिकायत करने पर आरोपियों पर कोई कार्रवाई नहीं की गई, और न ही सामान का पता लगाया गया।
पीड़ित ने स्वयं ढूंढा ट्रक मालिक का पता
पीड़ित मैनेजर ने बताया कि आरोपियों ने इसके बाद उनसे संपर्क तोड़ लिया। उन्होंने सोसाइटी के गेट से सीसीटीवी फुटेज से ट्रक का फोटो निकलवाया। इस पर ट्रक मालिक अनिल व ट्रांसपोर्ट का नंबर लिखा हुआ था। अनिल से संपर्क करने पर पता चला कि आरोपी पहले भी इसी तरह कई लोगों का माल हड़प चुके हैं। बिसरख कोतवाली प्रभारी अनिल राजपूत ने बताया कि इस मामले में कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की गई है। जल्द आरोपियों पर कार्रवाई होगी।

