नोएडा। सावन के सातवें सोमवार और नागपंचमी पर भक्तों ने शिवालयों में पूजा अर्चना की। इस मौके पर भक्तों ने शिव लिंग पर दूध, बेल पत्र और नारियल से पूजा की। शिवालयों में सुबह से भक्तों की भीड़ रही। कई मंदिरों में कीर्तन भी किए जा रहे है। वहीं शाम को भी शिवालयों में पूजा अर्चना की जाएगी। इस दौरान पुलिस बल भी शहर के प्रमुख मंदिरों के बाहर मौजूद रहा।
भगवान भोले के सातवें सोमवार पर नोएडा के मंदिर में गूंजे बम भोले के जयकारे
नोएडा में सेक्टर-20 स्थति हनुमान मंदिर में सुबह से भक्तों की भीड़ रही। यहां गर्भ गृह में बने शिवलिंग की पूजा की गई। जलाभिषेक किया गया। इस मौके पर लोगों ने पीपल के पेड़ के नीचे दूध भी रखा। वहीं पूरी श्रद्धा के साथ पूजा की गई। इसके अलावा नोएडा के सेक्टर-2 स्थित लाल मंदिर , सेक्टर-12 स्थित कलरिया बाबा मंदिर, सेक्टर-19 स्थित सनातन धर्म मंदिर, सेक्टर-49 स्थित पार्वती मंदिर वोडा महादेव मंदिर के अलावा सर्फाबाद मंदिर में श्रद्धालुओं ने पूजा अर्चना की। यहां बैरिकेडिंग करके श्रद्धालुओं ने मंदिर में प्रवेश किया।
नोएडा के सनातन धर्म मंदिर के पुजारी ने बताई नाग पंचमी की महत्ता
सनातन धर्म मंदिर के पुजारी ने बताया कि ज्योतिष शास्त्र के अनुसार पंचमी तिथि के स्वामी नाग देवता माने गए हैं। नाग पंचमी के दिन नागों की पूजा, व्रत रखने और कथा पढ़ने से व्यक्ति को कालसर्प दोष से मुक्ति मिलती है। भय दूर होता है, परिवार की रक्षा होती है और सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती है। शाम को कई मंदिरों में भव्य आयोजन भी किए जाएंगे। जिसमें भजन संध्या और कीर्तन होंगे।

