नोएडा शहर के सेक्टर-82 में करोड़ो रूपये खर्च करने के बाद भी लोगों को पीने का पानी गंदा मिल रहा है और लोगों को गंदे पानी की वजह से परेशानी झेलनी पड़ रही हैं। सेक्टर के लोगों ने नोएडा प्राधिकरण के जल विभाग से लगातार पत्र के जरिए शिकायत की है लेकिन उसके बावजूद सालों से चली आ रही पानी की समस्या का हल नहीं हो पाई है। सेक्टरवासियों का आरोप है कि नोएडा अथॉरिटी के जल विभाग के अधिकारी पानी की सप्लाई को जल्द ठीक करने का दावा करते है। हालांकि यह जुमला सालों से चला आ रहा है।
अथॉरिटी के पैसे का किया दुरुपयोग : आरडब्ल्यूए
सेक्टर-82 पॉकेट आरडब्ल्यूए अध्यक्ष नंदकिशोर सोलंकी ने बताया कि करीब 1 साल पहले शहर में नई पाइप लाइन पानी की डाली गई थी जबकि नई लाइन की कोई जरूरत नहीं थी। सेक्टर में पुरानी लाइन से ही पानी साफ और अच्छा आ रहा था। नई पाइपलाइन में करोड़ों रुपए खर्च करने के बाद भी जल विभाग के अधिकारी सेक्टर में साफ पानी नहीं पहुंचा पाए। अधिकारियों ने मिलीभगत कर अथॉरिटी के पैसे का दुरुपयोग किया है।
समस्या का नहीं हुआ हल तो देंगे धरना : नंदकिशोर सोलंकी
अध्यक्ष ने बताया कि पॉकेट सात में 842 फ्लैट में लगभग तीन हजार से अधिक लोग रहते हैं। सेक्टर में हर दिन किसी न किसी के घर में गंदा पानी आ रहा है। सेक्टर के लोग बाहर से पानी खरीद कर घर का काम कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि अथॉरिटी के अधिकारी सेक्टर में कई बार निरीक्षण करने आ चुके हैं। अधिकारी केवल फोटो खिंचवा कर अपने सीईओ को खुश करते हैं कि सब काम समय पर हो रहा है लेकिन हकीकत में जमीन पर घोटाला किया जा रहा है। अगर आने वाले दिनों में सेक्टर की पानी की समस्या का हल नहीं होता तो यहां के निवासी अथॉरिटी के गेट के बाहर धरने पर बैठ जाएंगे।

