गाजियाबाद जिले के मोदीनगर कोतवाली क्षेत्र के गांव कादराबाद में शनिवार रात युवक पर दबंगों ने जानलेवा हमला कर दिया। युवक की कमर व छाती पर गहरे घाव हैं। स्वजन गोली मारने का आरोप लगा रहे हैं। जबकि, पुलिस इसे चाकू से हमला बता रही है। युवक को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुरानी रंजिश में वारदात को अंजाम देने की बात सामने आ रही है। खबर लिखे जाने तक कोई शिकायत पुलिस को नहीं दी गई है। पुलिस बल गांव में तैनात है। आरोपितों की तलाश की जा रही है।
पुरानी रंजिश के चलते वारदात को अंजाम देने की बात आ रही सामने
कादराबाद गांव के आकाश उर्फ कल्लू किसान हैं। घर के पास घेर में ही वे पशुपालन करते हैं। शनिवार रात को वे पशुओं को चारा देने जा रहे थे। इस बीच रास्ते में घाते लगाकर बैठे चार आरोपितों ने उन्हें घेरकर मारपीट शुरू कर दी। आरोपितों ने चाकू समेत अन्य धारदार हथियार से उनपर वार किये। जान बचाकर दौड़े तो आरोपित नें उनकी कमर पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। लहुलूहान हालत में जमीन पर गिर पड़े। आरोप है कि उनपर फायर किया गया, गोली छाती के बराबर में लगी।गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आकाश को सीएचसी मोदीनगर में भर्ती कराया।
पुलिस पूरे मामले की जांच में लगातार है जुटी
सूचना पर एसीपी मोदीनगर ज्ञान परकाश व एसएचओ मोदीनगर भानु प्रताप सिंह टीम के साथ सीएचसी में पहुंचे। पुलिस की एक टीम को गांव में भी रवाना किया गया। एसीपी का कहना है कि युवक की हालत खतरे से बाहर है। गोली की बात सही नहीं है। तमाम बिंदुओं पर छानबीन चल रही है। जल्द आरोपित पुलिस गिरफ्त में होंगे।

