नोएडा के पर्थला गांव में नियमों को ताक पर रखकर मकान का निर्माण किया जा रहा था। चार मंजिल का काम पूरा हो चुका था और अब पांचवी मंजिल का काम चल रहा था। इससे पड़ोस के मकान में दरार आ गई। ये देखकर पड़ोसी दहशत में आ गया और उसकी हार्ट अटैक से मौत हो गई। मृतक की पहचान राजाराम निवासी धर्मा सिंह हुई है।
दहशत में गई व्यक्ति की जान , ग्रामीणों ने जाम किया पर्थला ब्रिज
गुस्साए ग्रामीणों ने राजा राम के शव को पर्थला सिग्नेचर ब्रिज पर रखकर यातायात को जाम कर दिया। ब्रिज के एंट्री पाइंट पर डंडा लगाकर आवाजाही को रोक दिया। ग्रामीणों का आरोप है लगातार पुलिस चौकी और प्राधिकरण से शिकायत करने के बाद भी उनकी नहीं सुनी गई। मौके पर एडीसीपी शक्ति मोहन अवस्थी समेत अन्य पुलिस अधिकारी पहुंचे। उन्होंने स्थित को नियंत्रण में करते हुए ग्रामीणों की बात को सुना और रास्ते को खुलवा दिया। एडीसीपी ने बताया कि ये मामला दो पड़ोसियों के विवाद से संबंधित है। मृतक परिवार के परिजनों की ओर से पहले ही शिकायत दी गई थी। जिसमें मुकदमा पंजीकृत कर दूसरे पक्ष के आरोपी को गिरफ्तार किया जा चुका है।
पर्थला ब्रिज पर ग्रामीणों की भीड़
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पर्थला में सतीश पुत्र हरीश चंद्रा अपना मकान बना रहे है। उन्होंने चार मंजिला का मकान बनाया है उसके बाद वे पांचवी मंजिल बना रहे है। इस वजह से आसपास के करीब तीन से चार मकानों में दरारें आने लगी है। राजा राम का मकान सतीश के मकान के बगल में है। ग्रामीणों ने बताया कि उनके मकान में भी दरार है। उन्होंने सतीश से कई बार मकान का निर्माण बंद करने की गुज़ारिश की थी। इस बात को लेकर वे पर्थला चौकी भी गए। साथ ही प्राधिकरण में भी उन्होंने शिकायत दी। प्राधिकरण की ओर से काम रूकवाने के लिए आर्डर भी दिया गया। लेकिन काम को नहीं रोका गया।
ब्रिज के पहले डंडा लगाकर रोड को किया ब्लाक
ऐसे में अपना मकान गिरता देख राजाराम डर गए और उनकी हार्ट अटैक से मौत हो गई। जिसके गुस्साए ग्रामीणों ने दोपहर करीब 12 बजे के आसपास ब्रिज पर शव रखकर जाम लगा दिया। एडीसीपी ने शक्ति मोहन अवस्थी व अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने उनसे कहा कि अब तक इस मामले में कोई एफआईआर तक दर्ज नहीं की गई। आश्वासन दिया गया कि एफआईआर लिखी जाएगी। ग्रामीणों ने मांग की चौकी इंचार्ज को सस्पेंड किया जाए। ग्रामीणों ने निर्माणाधीन मकान को ध्वस्त करने के लिए कहा। जिस पर सख्त कार्यवाही की बात कही गई। फिलहाल पुलिस के आश्वासन के बाद रास्ते को खुलवा दिया गया है।

