नोएडा। एमिटी विश्वविद्यालय में गुरुवार को प्रथम वर्ष के हजारों नए छात्रों के पांच दिवसीय ओरियंटेशन कार्यक्रम ‘दीक्षारंभ’ का शुभारंभ किया गया। इस कार्यक्रम का शुभारंभ एमिटी विश्वविद्यालय उत्तरप्रदेश की वाइस चांसलर डा बलविंदर शुक्ला, वाइस चांसलर डा गुरिंदर सिंह सहित छात्रों और उनके अभिभावकों द्वारा हवन करके प्रारंभ किया गया। इसके बाद छात्रों को विश्वविद्यालय के नियमों, पाठयक्रमों, सुविधाओं व अन्य कार्यक्रम आदि की जानकारी की दी गई।
वाइस चांसलर ने छात्रों को कड़ी मेहनत करने के लिए दिया प्रोत्साहन
वाइस चांसलर डा बलविंदर शुक्ला ने कहा कि हम किसी भी नये कार्य का प्रारंभ ईश्वर के आशीर्वाद से करते है। जिससे जीवन में सफलता हासिल हो सके। उन्होनें छात्रों से कहा कि आपका आज का दिन बेहद महत्वपूर्ण है जिसमें आप विद्यालयी शिक्षा के उपरांत उच्च शिक्षा के क्षेत्र में कदम बढ़ा रहे है। ऐसे में आपकों कैरियर और शिक्षण के प्रति अधिक मेहनत करनी होगी।
वाइस चांसलर डा गुरिंदर सिंह ने कहा कि प्रार्थना विकास के नये मार्ग खोलती है। यदि छात्र कड़ी मेहनत करें और अपने अभिभावकों से आशीर्वाद प्राप्त करे तो कुछ भी असंभव नहीं है। एमिटी अपने वैश्विक अनावरण कार्यक्रमों जैसे विदेश में अध्ययन कार्यक्रम, छात्र विनिमय कार्यक्रम आदि के माध्यम से छात्रों को वैश्विक अनावरण प्रदान करता है ताकि छात्र वैश्विक ज्ञान प्राप्त कर अपने क्षितिज का विस्तार कर सके।

