लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर उत्तर प्रदेश की सभी राजनैतिक पार्टियां अभी से तैयारियों में जुट गई हैं। एनडीए और ‘आई.एन.डी.आई.ए.’ से दूरी बनाकर एकला चलो की राह पर बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की सुप्रीमो मायावती भी मजबूती के साथ चुनाव मैदान में उतरेंगी। इसकी तैयारी को लेकर अब बसपा प्रमुख लखनऊ में 15 अगस्त से डेरा डालेंगी।
पार्टी प्रवक्ता के मुताबिक, बसपा सुप्रिमो मायावती का फोकस अब आगामी लोकसभा चुनाव पर है। उन्होंने किसी भी दल से गठबंधन न करते हुए पार्टी के ईमानदार कार्यकर्ता और जनता के सहयोग से अकेले ही लोकसभा चुनाव मैदान में उतरने का निर्णय लिया है। लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश की बड़ी भूमिका होती है इसलिए यहां के पार्टी संगठन को मजबूत करने को लेकर मायावती पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और कोर्डिनेटरों के साथ समीक्षा बैठक करेंगी। इसके लिए बसपा प्रमुख ने पहले ही प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल को पूरी रिपोर्ट तैयार करने के दिशा निर्देश दिए ।
बसपा प्रमुख ने पदाधिकारियों को दिए टास्क
बसपा प्रवक्ता ने आगे बताया कि विधानसभा चुनाव के बाद नगर निकाय चुनाव में मिली हार के बाद बसपा सुप्रीमों मायावती ने बीते दिनों पार्टी के पदाधिकारियों के साथ बैठक करके संगठनात्मक बदलाव करने के संकेत दिए थे। बता दें कि कोर्डिनेटरों को तीन माह के भीतर बूथ और सेक्टर कमेटियों के गठन करने का लक्ष्य दिया गया था। उन्होंने कहा था कि बूथ स्तर से ऊपर तक संगठन को नए सिरे से खड़ा किया जाए। इन सभी बिन्दुओं पर आने वाले दिनों की बैठक में मायावती पदाधिकारियों से चर्चा करेंगी।
उल्लेखनीय है कि प्रदेश के अन्य राज्यों में होने जा रहे विधानसभा चुनाव की तैयारियों को मायावती ने दिल्ली में रहकर अंतिम रूप दे चुकी हैं। अब वह 15 अगस्त से लखनऊ में उप्र संगठन की समीक्षाएं करेंगी। वहीं, राजस्थान में पार्टी के राष्ट्रीय कोआर्डिनेटर आकाश आनंद 16 अगस्त से पदयात्रा शुरू कर रहे हैं।

