बाराबंकी जिले में चार दिनों पहले सड़क किनारे संदिग्ध परिस्थितियों में घायल अवस्था में मिले युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई थी। मौत के बाद पोस्टमार्टम हाउस में परिजनों और दूसरे लोगों ने हत्या का आरोप लगाते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। सभी एसपी ऑफिस घेराव की सभी तैयारी कर रहे थे। इसकी सूचना मिलने पर पुलिस विभाग में हड़कम्प मच गया। भारी संख्या में पुलिस बल पहुंचा। अधिकारियों ने परिजनों की मानमनौव्वल कर कार्रवाई का आश्वासन दिया। मामले में चार लोगों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज होने के बाद परिजन शांत हुए और शव का पोस्टमार्टम हो सका। शाम को पुलिस की मौजूदगी में परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
पूरा मामला बाराबंकी जिले में बड्डूपुर थाना क्षेत्र के बड़ागांव निवासी कमलेश उ़र्फ पप्पू वर्मा से जुड़ा हुआ है। पप्पू चार अगस्त की शाम को घर से निकाला था लेकिन देर तक घर नहीं लौटा। रात करीब साढ़े ग्यारह बजे घर से 100 मीटर दूर खिजना रोड के किनारे वह घायल अवस्था में मिला था। उसके शरीर पर चोट के निशान थे। उसे सीएचसी घुंघटेर से जिला अस्पताल रेफर किया गया। उपचार के बाद उसे परिजन घर ले गए थे। शाम को उसकी तबियत बिगड़ी तो परिजन उसे लखनऊ निजी अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
वहीं पप्पू की मौत के बाद घर में कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी अनीता देवी ने गांव के रामनरेश, चेतराम, रामकुमार और धर्मेंद्र पर पुरानी रंजिश में मारपीट कर पति कमलेश को सड़क के किनारे फेंकने का आरोप लगाया था। महिलाओं ने बड्डूपुर थाना के सामने प्रदर्शन भी किया था। पुलिस के मुताबिक आरोपियों में धर्मेंद्र नाम के शख्स के मामा की इसी साल फरवरी महीने में हत्या हुई थी, जिसके आरोप में पप्पू का चाचा दीना जेल में हैं। धर्मेंद्र उस मामले में वादी है। पुलिस उसी मामले से इस घटना को भी जोड़कर देख रही है। वहीं पप्पू का चचेरा भाई पुलिस में सिपाही है।
वहीं पप्पू की मौत के बाद जब उसका शव बाराबंकी पोस्टमार्टम हाउस पहुंचा तो यहां भीड़ लग गई। परिजनों ने पोस्टमार्टम हाउस में हंगामा शुरू कर दिया। सभी केस दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर पोस्टमार्टम हाउस के परिसर में ही बवाल करने लगे। सभी एसपी दफ्तर घेराव की सभी तैयारी कर रहे थे। जिसके बाद मौके पर पहुंचीं सीओ सिटी डॉ. बीनू सिंह और एसडीएम सदर बिजय कुमार त्रिवेदी ने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया। जिसके बाद मामले में चार लोगों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज भी दर्ज किया गया। शाम को पुलिस की मौजूदगी में परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया।

