केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को मध्यप्रदेश में मालवा से भाजपा के चुनावी अभियान का आगाज कर दिया है। उन्होंने इंदौर में भाजपा के विजय संकल्प कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करके कार्यकर्ताओं को 2023 और 2024 के चुनावी जीत का संकल्प दिलाया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस और विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ को ‘करप्शन नाथ’ और दिग्विजय सिंह को ‘श्रीमान बंटाधार’ कहकर संबोधित किया।
इंदौर के कनकेश्वरी गरबा मैदान पर आयोजित संभाग के बूथ लेवल कार्यकर्ता सम्मेलन में केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि अनुच्छेद 370 को कांग्रेस ने बच्चे की तरह 70 साल तक गोद में पाल रखा था। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अनुच्छेद 370 खत्म कर कश्मीर को भारत से जोड़ने का काम किया है। कांग्रेस के समय पाकिस्तान से आलिया-जमालिया आते थे और गोलियां चलाकर चले जाते थे, लेकिन पाकिस्तान को घर में घुसकर हमारी सेना ने उनके आतंकियों का सफाया किया।
शाह ने कहा कि मिस्टर बंटाधार और करप्शन नाथ कोई नया उद्योग तो नहीं ला पाए। सिर्फ ट्रांसफर इंडस्ट्री शुरू कर पाए। उन्होंने कहा कि पूरे देश मे सबसे अच्छा संगठन मध्यप्रदेश में है। यहां हर गांव, हर बूथ में कमल देखने को मिलता है। आज 2023 के चुनाव की शुरुआत हो गई है। अब हर संभाग में ऐसे सम्मेलन होंगे। उन्होंने कहा कि अब डबल इंजन सरकार मध्यप्रदेश को देश का नंबर वन राज्य बनाएगी।

