प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार 30 जुलाई को मन की बात से देशवासियों से संवाद किया। पीएम ने आज कई महत्वपूर्ण बातों का जिक्र किया। देशवासियों के असाधारण जज्बे की सराहना की तो मानसून की बात करते हुए पीएम मोदी ने जलसंरक्षण की भी बात की। कार्यक्रम में पीएम मोदी ने कहा, पिछले कुछ दिन प्राकृतिक आपदाओं के कारण चिंता और परेशानी से भरे रहे हैं। यमुना जैसी कई नदियों में बाढ़ आने से कई जगहों पर लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन की घटनाएं भी हुई हैं हमने इनका मिलकर मुकाबला किया. पीएम ने कहा, सर्वजन हिताय ही भारत की भावना और ताकत है।
हमारे पर्व हमें गतिशील बनाते हैं- पीएम मोदी
पीएम मोदी ने मन की बात कार्यक्रम में सावन के पवित्र महीने का जिक्र किया और बताया कि भारत के तीर्थों का महत्व बढ़ा है और पूरी दुनिया से लोग इसे देखने आ रहे हैं। पीएम मोदी ने कहा, हमारे पर्व, हमारी परंपराएं हमें गतिशील बनाते हैं।
प्रधानमंत्री ने बताया कि सावन के महीने में देश के 12 ज्योतिर्लिंगों में श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है। पूरी दुनिया से भारत के तीर्थों में श्रद्धालु आ रहे हैं। मुझे पता चला है कि अमेरिका के कैलिफोर्निया से दो दोस्त अमरनाथ यात्रा पर पर आए थे।
यूपी में 30 करोड़ पौधे लगाने का रिकॉर्ड- पीएम मोदी
मन की बात कार्यक्रम में पीएम मोदी ने उत्तर प्रदेश में बने पौधारोपण के रिकॉर्ड की चर्चा की। पीएम मोदी ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार के अभियान के तहत एक दिन में 30 करोड़ पौधे लगाकर रिकॉर्ड बनाया गया। पीएम मोदी ने कहा, इस तरह के कार्यक्रम जनभागीदारी के बिना नहीं हो सकते।
अमेरिका से मिली कलाकृतियों का किया जिक्र
पीएम मोदी ने बताया कि कुछ दिन पहले सोशल मीडिया पर अद्भुत क्रेज दिखा अमेरिका ने हमें कुछ दुर्लभ कलाकृतियां वापस लौटाई हैं। इस खबर के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इन कलाकृतियों को लेकर खूब चर्चा हुई। युवाओं में इन कलाकृतियों को लेकर गर्व का भाव दिखा। भारत लौटी ये कलाकृतियां ढाई हजार साल से लेकर ढाई सौ साल तक पुरानी है। पीएम मोदी ने इन कलाकृतियों को लौटाने के लिए अमेरिका का आभार भी जताया।
पीएम मोदी ने कहा कि शहीद वीर वीरांगनाओं को सम्मान देने के लिए मेरी माटी, मेरा देश अभियान शुरू किया जाएगा। हमारे अमर बलिदानियों की याद में कार्यक्रम की शुरुआत की जाएगी। इस अभियान के तहत गांव-गांव, कोने-कोने से 7500 कलश में माटी लेकर कलश यात्रा निकाली जाएगी। मिट्टी के अलावा पेड़ भी लाए जाएंगे। इसी के साथ दिल्ली में अमृत वाटिका का निर्माण किया जाएगा। yuva.gov.in पर सभी लोग हाथ में देश की पवित्र मिट्टी को लेकर शपथ लेते हुए सेल्फी को अपलोड करें। हर घर तिरंगा अभियान इस बार फिर चलाया जाएगा। इससे हमें आजादी के मूल्य का एहसास होगा। हर देशवासी को इस प्रयास से जरूर जुड़ना चाहिए। कुछ ही दिनों में 15 अगस्त को हम आजादी के महान त्योहार का हिस्सा बनेंगे।
प्रधानमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश के शहडोल के विचारपुर गांव को मिनी ब्राजील कहते हैं। ऐसा इसलिए क्योंकि आज ये गांव फुटबाल के उभरते सितारों का गढ़ बन गया है।

