भाई-बहन एक ऐसा रिश्ता जिसमें नोक-झोंक, प्यार दोनों होता है लेकिन अब जो हम आपको बताने जा रहें है उससे आपकी रूह कांप उठेगी दरअसल यूपी के बाराबंकी में एक भाई ने अपनी ही सगी बहन को मौत के घाट उतार दिया।
दरअसल हुआ कुछ यूं कि भाई-बहन के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई लेकिन बहन ने सोचा भी नहीं होगा उसका भाई गुस्से में आकर उसके खून का प्यासा हो जाएगा। बहसबाजी से गुस्साए भाई ने अपनी सगी बहन का सिर काट दिया। केवल इतना ही नहीं सिर को हाथ में पकड़कर आरोपी भाई सड़क से पुलिस थाने के लिए निकल पड़ा रास्ते में जिसने भी इस मंजर को देखा सहम गया।
यह पूरी वारदात बाराबंकी जिले फतेहपुर थाना क्षेत्र के अन्तर्गत ग्राम मिठवारा गांव की है। जहां रियाज नाम के शख्स ने अपनी सगी बहन आशिफा की गर्दन धारदार हथियार से धड़ से अलग कर दी। जानकारी के मुताबिक बहन आशिफा का गांव के ही चांद बाबू से प्रेम-प्रसंग चल रहा था और कुछ दिनों पहले वह उसे अपने साथ भगाकर भी ले गया था। हालांकि बाद में पुलिस ने आशिफा को बरामद करके उसके परिजनों की तहरीर पर चांद बाबू के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके उसे जेल भेज दिया था। गांव वालों ने बताया कि भाई रियाज अपनी बहन आशिफा और चांद बाबू के अवैध संबंधों से नाराज चल रहा था और इसी के चलते दोनों के बीच कहासुनी हुआ करती थी। आज भी दोनों के बीच इसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी और गुस्से में आकर रियाज ने धारदार हथियार से बहन आशिफा की गर्दन काटकर बेरहमी से हत्या कर दी।
भाई रियाज बहन आशिफा की गर्दन लेकर घर से थाने की तरफ निकल पड़ा। तभी गांव वालों ने इसकी जानकारी फतेहपुर थाने की पुलिस को दी। वारदात की जानकारी मिलते ही पुलिस के हाथ-पार फूल गये। आनन-फानन में पुलिस के आलाधिकारी मौके पर पहुंचे और भाई रियाज को बहन आशिफा के सिर के साथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आशिफा के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है और जांच पड़ताल में जुटी हुई है। बाराबंकी के अपर पुलिस अधीक्षक आशुतोष मिश्रा ने बताया कि पुलिस ने आरोपी भाई रियाज को गिरफ्तार कर लिया है। शव का पीएम कराया जा रहा है। आरोपी भाई के खिलाफ केस दर्ज करके विधिक कार्रवाई की जा रही है।

