आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर देशभर के सभी पार्टियां तैयारियों में जुट गई है। सत्ताधारी दल भाजपा को हराने के लिए 26 विपक्षी दल साथ आए हैं। विपक्षी एकता को मजबूत करने के उद्देश्य से इन दलों ने पहले पटना में बैठक की और आज बेंगलुरु में दूसरी बैठक किया।
भाजपा के खिलाफ एकत्र हुए 26 दलों ने विपक्षी गठबंधन का नाम इंडियन नेशनल डेमोक्रेटिक इंक्लूसिव एलायंस (इंडिया) रखा है। इसकी जानकारी राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) ने मंगलवार को ट्वीट कर दी। आरजेडी ने कहा कि विपक्षी दलों का गठबंधन भारत का प्रतिबिंब है। अब भाजपा को इंडिया कहने में भी पीड़ा होगी।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने मंगलवार को बेंगलुरु में विपक्षी पार्टियों की बैठक के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें खुशी है कि बेंगलुरु में 26 पार्टियां एकजुट होकर काम करने के लिए मौजूद हैं। हम सब मिलकर आज 11 राज्यों में सरकार में हैं।
मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा इस बैठक में हमारा इरादा अपने लिए सत्ता हासिल करना नहीं है बल्कि लोकतंत्र, धर्मनिरपेक्षता और सामाजिक न्याय की रक्षा करना है। खड़गे ने कहा है कि आगामी दिनों में 11 लोगों की एक कार्यसमिति बनाई जाएगी। यह समिति आगे की रूपरेखा तैयार करेगी।

