कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में आज विपक्षी दलों की महाबैठक है। सभी पार्टियां बैठक के लिए पहुंच भी रहे है। बता दें कि आज कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की ओर से रात्रिभोज का आयोजन किया गया है। इस भोज में माकपा नेता सीताराम येचुरी और तृणमूल सुप्रीमो ममता बनर्जी भी शामिल होंगे। जिसे लेकर बंगाल की राजनीति गर्मा गयी है। भाजपा और माकपा के बीच जुबानी जंग शुरू हो गई है।
बता दें कि भाजपा विधायक अग्निमित्र पॉल ने ट्विटर पर सीताराम येचुरी, राहुल गांधी, ममता बनर्जी और माकपा नेता मोहम्मद सलीम को टैग करते हुए लिखा है कि पिछली बार पटना की बैठक के बाद जिस तरह से माकपा के मुखपत्र गणशक्ति से ममता की तस्वीर और उनका जिक्र ही गायब किया गया था, उस तरह से इस बार नहीं होना चाहिए। हमलोग चाहते हैं कि महा विपक्ष बैठक की खबर में सीताराम येचुरी के साथ ममता की तस्वीर छपे।
भाजपा और माकपा में ट्विटर वॉर
ट्विटर पर पॉल ने कहा है कि माकपा ने कई बार कहा है कि ममता के हाथ खून से रंगे हैं। तो मैं कॉमरेड्स से पूछना चाहती हूं कि आज की डिनर के बाद उनका क्या कहना है? क्या अभी भी उनका राजनीतिक पार्टनर तृणमूल कांग्रेस लोकतांत्रिक है? कृपया गणशक्ति के पहले पन्ने पर छपने वाली महा विपक्षी बैठक की खबर में ममता बनर्जी की तस्वीर को एडिट करके मत हटाइएगा।
हालांकि इसके जवाब में मोहम्मद सलीम ने गुजरात के मुख्यमंत्री रहते नरेन्द्र मोदी के साथ ममता बनर्जी की मुलाकात की तस्वीर साझा कर लिखा है कि देखिए कैसे आपके प्रधानमंत्री गुजरात नरसंहार के बाद ममता से मिल रहे थे। सचिवालय में हाल ही में आंतरिक सुरक्षा की समीक्षा बैठक के बाद अमित शाह के साथ ममता की तस्वीर भी मोहम्मद सलीम ने साझा की है और लिखा है कि यह हाल की तस्वीर है।
अपने ट्वीट में अग्निमित्रा ने सोनिया गांधी से भी सवाल किया है कि क्या ममता बनर्जी से सोनिया बंगाल में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की हत्या के बारे में एक भी सवाल पूछ सकती हैं।

