केंद्र द्वारा लाए गए दिल्ली में अध्यादेश के खिलाफ लगातार आम आदमी पार्टी (आप) भाजपा पर हमलावर है। इसी कड़ी में पार्टी ने घोषणा कि है की तीन जुलाई को सीएम अरविंद केजरीवाल अपने सभी मंत्री और विधायकों के साथ मिलकर पार्टी मुख्यालय पर केंद्र द्वारा लाए गए अध्यादेश की प्रतियों को जलाएंगे।
आप नेता और दिल्ली सरकार के मंत्री सौरभ भारद्वाज ने आज प्रेस कांफ्रेंस कर एक बार फिर इस अध्यादेश को लेकर भाजपा के खिलाफ जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि तीन जुलाई को सभी 70 विधानसभाओं में इस अध्यादेश की प्रतियां जलाई जाएंगी। 6 से 13 जुलाई तक दिल्ली के हर गली-मोहल्ले-चौक पर अध्यादेश की प्रतियां जलाई जाएगी। इस आदेश की कॉपी जब दिल्ली के कोने-कोने में जलाई जाएंगी तब यह संकेत जाएगा कि इस काले अध्यादेश से दिल्ली के लोग खुश नहीं है।
दिल्ली सरकार में मंत्री भारद्वाज ने कहा कि भाजपा ने दिल्ली के पिछले तीनों चुनावों में खूब जोर लगाया, लेकिन उनको जीत हासिल नहीं हुई। अब भाजपा दिल्ली के लोगों से बदला लेना चाहती है। दिल्ली में बिजली, पानी, इलाज, महिलाओं की बस यात्रा और बुजुर्गों की तीर्थयात्रा मुफ्त है। इससे केंद्र को बहुत दिक्कत है। केंद्र सरकार गैर कानूनी तरीके से दिल्ली की सत्ता पर कब्जा जमाना चाहती है। सुप्रीम कोर्ट की पांच जजों की संविधान पीठ ने चुनी हुई सरकार को अधिकार दिया। उसके उलट केंद्र की मोदी सरकार ने रात में ही अध्यादेश लाकर दिल्ली की पावर उप राज्यपाल को सौंप दी।
उन्होंने दावा करते हुए कहा कि भाजपा के कट्टर समर्थक भी कह रहे हैं कि ये दिल्ली की जनता के साथ धोखा है। इस काले अध्यादेश का विरोध करना चाहिए। ऐसे में अब आप पार्टी केंद्र द्वारा लाई गई अध्यादेश का दिल्ली की सड़कों पर उतारकर जमकर विरोध करेगी।

