मॉनसून से पहले प्री मॉनसून ने दस्तक दे दी है। झमाझम बारिश और सुहाने मौसम से लोगों को गर्मी से राहत मिल गई है लेकिन इस बारिश से आफत भी खड़ी हो गई है। देश के कई राज्यों में जलभराव हो गया है, पहली ही बारिश ने प्रशासन की पोल खोल के रख दी है कि व्यवस्थाएं बिल्कुल किस तरह से अस्त व्यस्त हैं।
यूपी के बिजनौर में तो बारिश से गंगा पुल की अप्रोच टूट कर बह गई जिससे मेरठ हस्तिनापुर बिजनौर का रास्ता बाधित हो गया। बता दें कि दूसरी बार पुल की अप्रोच टूट कर आवागमन बाधित हुआ है। प्रशासन की समय रहते नालों की सफाई ना कराने के नतीजे आम जनता को भुगतने पड़ रहें हैं। कई राज्यों में सड़को पर जलभराव से लंबा ट्रैफिक लग जा रहा है जिससे आम जनता और उन लोंगो को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है जो रोजमर्रा काम पर जाने वालें हैं।
नालों की सफाई समय ना होने के कारण कूड़ा करकट पानी के साथ सड़को पर आ गया है जिससे लोगों को दुर्गंध के कारण सांस लेने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में बादल फटने और भूस्खलन से बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। मौसम विभाग ने कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। बारिश ने मौसम सुहाना तो कर दिया लेकिन उससे ज्यादा लोंगो के लिए ये बारिश आफत बनकर खड़ी हो रही है। राजधानी दिल्ली में तो रेलवे स्टेशन के बाहर पोल में करंट लगने से महिला की मौत हो गई।
इसके अलावा दिल्ली में आरकेपुरम मार्केट में बिल्डिंग ढह गई। हरियाणा के पंचकूला में बारिश के चलते बाढ़ जैसे हालात बन गए। एक कार सड़क पर बहने लगी उसमें एक महिला और उसकी मां सवार थे दोनों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और अस्पताल इलाज के लिए भेज दिया गया। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के न्यू मंडी थाना क्षेत्र के एक गांव में बारिश के दौरान मकान की छत गिरने से एक ही परिवार के दो बच्चों की मौत हो गई। तीन अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

