अलीगढ़ के थाना लोधा इलाके के गांव ल्होसरा में दो नाबालिग बहनों की जबरन शादी कराने की कोशिश की गई। जिसे स्वयं लड़कियों ने ही पुलिस से फोन पर शिकायत कर शादी को रुकवा दिया। दोनों बहनों और उनके मामा वीरू ने बताया है कि लड़कियों की नानी और एक मामा मिलकर जबरन लड़कियों की दुगनी उम्र के लड़कों से जबरन करा रहे थे।
लड़कियों के पिता पर बेटियों की शादी के लिए धन अधिक ना होने के कारण वह और उसके परिवारीजन मिलकर शादी कराने के लिए राजी हो गए और 23 जून को शादी होना तय हो गई। दोनों नाबालिक लड़कियों की शादी से पहले की रस्में अदा हो चुकी थी। हाथों में मेहंदी लग चुकी थी और कंगन भी बंध चुका था। बारात मुजफ्फरनगर से यहां आ रही थी। इंदिरापुरम की एक धर्मशाला में शादी समारोह की तैयारियां शुरू हो गई। भट्टी चल रही थी। पांडाल तैयार हो चुका था। मंडप भी सज गया था। स्टेज भी सज गई थी। रिश्तेदार पांडाल में पहुंच गए थे। बारात की तैयारियों में परिवारीजन और रिश्तेदार जुटे हुए थे। बैंड भी तैयार था। बारात भी मुजफ्फरनगर से आधे रास्ते में पहुंच चुकी थी। इसी बीच दोनों नाबालिग लड़कियों के मामा घर पहुंचे तो दोनों नाबालिक लड़कियां फफक-फफक कर रोने लगी और मामा से अपने दिल की बात कहते हुए शादी करने से इनकार कर दिया।
लड़कियों के मामा वीरू ने उनका साथ दिया और नाबालिक लड़कियों ने पुलिस को फोन कर सूचित कर दिया कि उनकी बिना मर्जी के गैर कानूनी तरीके से शादी कराई जा रही है। जबकि वह दोनों नाबालिग है। पुलिस मौके पर पहुंची और पुलिस ने लड़कियों की शिकायत पर शादी रुकवा दी। लड़कियों के परिवारीजनों को थाने ले आई। उधर सूचना मिलने के बाद बारात भी आधे रास्ते से वापस मुजफ्फरनगर लौट गई। पुलिस ने दोनों लड़कियों को मामा को सौंप दिया।

