पूर्वोत्तर राज्य मणिपुर में एकबार फिर हिंसा भड़क गई है जिसमें कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई है और 10 अन्य घायल हो गए है। बता दें कि यह घटना खमेनलोक क्षेत्र के एक गांव में हुई है। इसकी जानकारी बुधवार को पुलिस ने दी।
अधिकारियों ने बताया कि सशस्त्र हमलावरों ने इंफाल पूर्वी जिले और कांगपोकी जिले की सीमा से लगे खमेनलोक इलाके के कुकी गांव में बीती रात करीब एक बजे घेर कर हमला किया। इस बीच हुई गोलीबारी में दोनों पक्षों के लोग हताहत और घायल हुए हैं।
यह क्षेत्र मैतेई-बहुल इंफाल पूर्वी जिले और आदिवासी बहुल कांगपोकपी जिले की सीमा से सटा हुआ है। इस बीच जिला अधिकारियों ने इंफाल पूर्वी जिले और इंफाल पश्चिम जिले में सुबह 5 बजे से शाम 6 बजे तक कर्फ्यू में छूट के घंटों को घटाकर सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे कर दिया है। मणिपुर के 16 में से 11 जिलों में कर्फ्यू लागू है जबकि राज्य के पूरे पूर्वोत्तर में इंटरनेट सेवाएं निलंबित हैं।
हिंसा वाले इलाकों में गश्त तेज
गोलीबारी में घायल हुए कई लोगों को इलाज के लिए इंफाल ले जाया गया है। सूत्रों ने बताया कि हिंसा में मारे गए लोगों में से कुछ के शरीर पर कटने के निशान हैं और कई गोलियां लगी हैं। इससे साफ पता चलता है कि गोलीबारी के साथ ही धारदार हथियारों से नजदीक से हमला किया गया है।
यह घटना राज्य में शांति बहाल करने के प्रयासों के बीच एक बड़े झटके के रूप में सामने आई है। गौरतलब है कि मैतेई और कुकी समुदायों के बीच जातीय संघर्ष के कारण गत एक महीने से अधिक समय से स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।
इस घटना के बाद पूरे राज्य में फिर से ताजा तनाव उत्पन्न हो गया है। सुरक्षा बलों ने संभावित हिंसा वाले इलाकों में गश्त तेज कर दी है। प्रशासन ने लूटे गये हथियारों को बरामद करने के लिए अभियान तेज कर दिया है।

