भाजपा सांसद और भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ पहलवान लगातार कार्रवाई की मांग कर रहे है। पहलवानों ने बृजभूषण पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है। इसके लिए उन्होंने पिछले हफ्ते खेल मंत्री अनुराग ठाकुर और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात भी की। बता दें कि गृहमंत्री ने पहलवानों को आश्वासन दिया है कि मामले की निष्पक्ष जाँच होगी और दोषी पर कार्रवाई भी होगी। पहलवानों और खाप पंचायत वालों ने सरकार को 15 जून तक अल्टीमेटम दिया है और कहा है कि अगर बृजभूषण पर दिए गए समय अंतराल तक कार्रवाई नहीं हुई तो वे 16 जून को अपने आगे की रणनीति का ऐलान करेंगे।
इस बीच भारतीय कुश्ती संघ की चुनाव की तारीखों की भी घोषणा कर दी गयी है। बता दें कि भारतीय ओलंपिक संघ चार जुलाई को भारतीय कुश्ती महासंघ के चुनाव कराएगा। जम्मू-कश्मीर हाई कोर्ट के पूर्व मुख्य न्यायाधीश महेश मित्तल कुमार को भारतीय कुश्ती महासंघ के चुनावों के लिए निर्वाचन अधिकारी नियुक्त किया गया है।

