महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय गोरखपुर के अंतर्गत संचालित गुरु श्री गोरक्षनाथ कॉलेज ऑफ नर्सिंग में सोमवार को आज विश्व पर्यावरण दिवस तथा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जन्मदिवस समारोह एकसाथ मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों, शिक्षकों व विद्यार्थियों ने पौधरोपण कर सीएम योगी के दीर्घायु, यश-कीर्ति में अभिवृद्धि की कामना की और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
यूपी का सौभाग्य है कि मुख्यमंत्री आदित्यनाथ जैसा नेतृत्वकर्ता मिला
समारोह के मुख्य अतिथि इंटरनेशनल राइस रिसर्च इंस्टीट्यूट, साउथ एशिया रीजनल सेंटर के निदेशक डॉ सुधांशु सिंह ने पर्यावरण संरक्षण को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की संजीदगी की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि योगी जी के नेतृत्व में यूपी पौधरोपण के साल दर साल कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। पर्यावरण संरक्षण के लिए ही उनका जोर जैविक खेती को बढ़ावा देने पर होता है।
विशिष्ट अतिथि भारत सरकार के पूर्व औषधि महानियंत्रक डॉ जीएन सिंह ने कहा कि यह यूपी का सौभाग्य है कि यहां के लोगों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जैसा नेतृत्वकर्ता मिला है। वह न केवल आधुनिकतम विकास के पथ पर आगे बढ़ा रहे हैं बल्कि राज्य को प्रदूषण के दुष्प्रभावों से बचाने के लिए भी अनेक कार्ययोजना बनाकर काम कर रहे हैं।
पर्यावरण की सुरक्षा हमारा प्राथमिक कर्तव्य
समारोह की अध्यक्षता करते हुए महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद के अध्यक्ष, महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय के प्रति कुलाधिपति एवं पूर्वांचल विश्वविद्यालय जौनपुर के पूर्व कुलपति प्रो यूपी सिंह ने कहा कि हमारी समृद्ध संस्कृति में पर्यावरण सुरक्षा को धर्म माना गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर्यावरण सुरक्षा को इसी रूप में अंगीकार करते हैं। यह भी दिव्य संयोग है कि जिस दिन मुख्यमंत्री योगी जी का जन्मदिवस होता है, उसी दिन पूरा विश्व पर्यावरण संरक्षण पर विशेष मंथन करता है।
इस अवसर पर महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय के कुलपति मेजर जनरल डॉ अतुल वाजपेयी ने कहा कि मुख्यमंत्री जी इस विश्वविद्यालय के सर्जक भी हैं। उनके दिशानिर्देश पर यहां के प्रत्येक विद्यार्थी को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ा जाता है। विद्यार्थियों को विषय की शिक्षा के साथ यह व्यावहारिक ज्ञान भी दिया जाता है कि पर्यावरण की सुरक्षा हमारा प्राथमिक कर्तव्य है।

