समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव अपने दो दिवसीय दौरे के पहले दिन सोमवार दोपहर बाद लखीमपुर पहुंचे। यहां वह समाजवादी पार्टी के नेता पूर्व आरएस उस्मानी के घर पहुंचे। लोकसभा चुनाव को लेकर लखीमपुर का यह दौरा समाजवादी पार्टी की ओर से आगाज माना जा रहा है।
ऐसा माना जा रहा है कि अखिलेश लोकसभा चुनाव को लेकर उम्मीदवारों के चयन और पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं के मन को जानने के लिए आए हैं। इन दो दिनों में वे लखीमपुर खीरी में रुक कर पार्टी के नेताओं से मुलाकात करेंगे। इसी कड़ी में उन्होंने सपा नेता आरए उस्मानी के घर पहुंचकर उनसे विस्तार से चर्चा किया और तमाम राजनीतिक पहलुओं पर उनसे उनकी राय जानी।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का यह दौरा इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है कि लखीमपुर खीरी की दो संसदीय सीटें हैं। जिनमें लखीमपुर खीरी संसदीय तिकुनिया कांड के बाद से काफी चर्चा में रही है और इस सीट से सांसद केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्र टेनी को यहां पर खासा विरोध भी झेलना पड़ा है। ऐसे में समाजवादी पार्टी इस बात का भरपूर फायदा उठाना चाहती है। अखिलेश यादव इस सीट को सपा के खाते में लाने के लिए सभी संभव प्रयास करने में जुटे हुए हैं और उनका यह दौरा भी इससे जोड़कर देखा जा रहा है। यही कारण है कि वह समाजवादी पार्टी के बड़े और छोटे सभी नेताओं से अपने दो दिवसीय दौरे के दौरान मुलाकात कर उनके विचार जानेंगे।

