पूर्व सांसद और बाहुबली आनंद मोहन सिंह ने भाजपा पर करारा प्रहार किया है और कहा है कि इस बार तुमने गलत नंबर डायल कर दिया है. आने दो 2024 का चुनाव, हम तुमको तुम्हारी औकात बता देंगे। दरअसल, बाहुबली आनंद मोहन जेल से रिहाई के बाद पहली बार बीते गुरुवार को सुपौल पहुंचे। वहां उन्होंने किशनपुर के सिसौनी गांव में एक जान सभा को संबोधित किया। आनंद मोहन ने जनसभा में भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने दलित विरोधी कहने पर भाजपा पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि आज बीजेपी की बी टीम हैदराबाद और उत्तर प्रदेश में है तो वहीं सी टीम ईडी, सीबीआई और आयोग है।
आनंद मोहन ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि लोग उन्हें अपने संपर्क अभियान को धीमा करने की नसीहत देते हैं, लेकिन 2024 का चुनाव सबका परिणाम बताएगा। उन्होंने आगे कहा कि कुछ लोग आठ अगस्त को सुप्रीम कोर्ट में होने वाली सुनवाई से पहले शांत रहने को कहते हैं, लेकिन उन्हें भरोसा है, अगर इस बार भी गलती हुई तो वो आजीवन कैद झेलने के लिए तैयार हैं, लेकिन सांप्रदायिक ताकत के सामने सिर झुकाने को कभी तैयार नहीं हैं।
भाजपा पर लगाया बड़ा आरोप
आनंद मोहन ने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि आज देश में मुसलमान ओर पड़ोसी में पाकिस्तान ही बस मुद्दा है। अगर ये दोनों मुद्दे नहीं हों ओर प्रेस का स्विच ऑफ हो जाए तो ये लोग छटपटा के मर जाएंगे। इस बार तुमने गलत नंबर डायल कर दिया है। आने दो 2024 का चुनाव, हम तुमको तुम्हारी औकात बता देंगे।
आनंद मोहन ने भाजपा पर प्रहार करते हुए कहा कि नोटबंदी और कोरोना के दौरान जब लोग चार हजार बदलने के लिए लाइन में थे तब बीजेपी का करोड़ों का कार्यालय बन रहा था। राम मंदिर के नाम पर शिला पूजन हो रहा था। लोगों से ईंट ली जा रही थी। सब बीजेपी कार्यालय बनाने में लगा दिया। उन्होंने भाजपा पर बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि इतना ही नहीं सरदार पटेल की स्टैच्यू ऑफ यूनिटी बनाने के लिए पूरे देश में उसके लिए भी लोहे इकट्ठा किए गए जिसको बेच कर पार्टी ने निर्माण में लगा दिया। जिस देश चीन को सबसे बड़ा दुश्मन कहते हैं वहां से मूर्ति मंगवाई गई।

