केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह इन दिनों पूर्वोत्तर राज्य मेघालय दौरे पर है। यह पूर्वोत्तर राज्य पिछले एक महीने से दो समुदायों के बीच हुई हिंसक झड़प का सामना कर रहा है। राज्य में शांति बहाली और कानून- व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा के लिए गृह मंत्री पहुंचे हैं। आज उन्होंने इस संबंध में राज्य की राजधानी इंफाल में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। गृहमंत्री शाह ने हिंसा के लिए न्यायिक आयोग के गठन की घोषणा की है।
5 लाख रुपये केंद्र सरकार और 5 लाख रुपये मणिपुर सरकार देगी
शाह ने बताया कि हाईकोर्ट के रिटायर्ड चीफ जस्टिस इस आयोग का नेतृत्व करेंगे। साथ ही राज्यपाल की अगुआई में शांति समिति बनाने का भी ऐलान किया गया है। इस समिति में सभी वर्गों का प्रतिनिधित्व होगा। इसके अलावा उन्होंने बताया कि भारत-म्यांमार सीमा मुद्दे के स्थायी समाधान के लिए म्यांमार के साथ लगती भारत की सीमा पर बाड़ लगाने का काम पूरा किया जाएगा।
प्रेस कांफ्रेंस में उन्होंने राज्य के लोगों को निष्पक्ष जांच करवाने का आश्वासन दिया और साथ ही कहा कि अपराधियों को दंडित भी किया जाएगा। हिंसा की घटनाओं के विषय पर गृहमंत्री ने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। साथ ही एक राहत और पुनर्वास पैकेज का ऐलान भी किया। उन्होंने कहा कि देश के नागरिक की जान जाती है तो हम सभी को दुख होना स्वाभाविक है। हिंसा में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के लिए 5 लाख रुपये केंद्र सरकार और 5 लाख रुपये मणिपुर सरकार की तरफ से दिए जाएंगे। यह राशि सीधे पीड़ितों के बैंक खातों में हस्तांतरित की जाएगी।
गलतफहमी की वजह से राज्य में हिंसा हुई
गृह मंत्री ने बताया कि सीबीआई मणिपुर हिंसा के पीछे आपराधिक और सामान्य साजिशों की जांच करेगी। सभी दर्ज मामलों में से 6 मामलों की जांच सीबीआई का एक विशेष दल करेगा। यह जांच भारत सरकार के तत्वाधान में किया जाएगा। उन्होंने हिंसा को लेकर कहा कि गलतफहमी की वजह से राज्य में हिंसा हुई है। राज्य विकास के रास्ते पर चल पड़ा था। पिछले छह साल में विकास के बहुत काम भी हुए हैं।
बता दें कि गृहमंत्री शाह ने साथ ही हिंसा में लिप्त लोगों और संगठनों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि संधि का किसी भी प्रकार का उल्लंघन, किसी भी प्रकार का बदलाव होने पर सख्ती से संज्ञान लिया जाएगा और इसे संधि भंग करना माना जाएगा। गृहमंत्री ने आगे कहा कि समझौते की शर्तों का पालन कीजिए। हथियारों की जब्ती के लिए पुलिस कल से कॉम्बिंग ऑपरेशन भी चलाएगी।

