रामपुर के शहर विधायक आकाश सक्सेना ने वृद्धाश्रम में रह रहे बुजुर्गों को कस्तूरबा गांधी पक्षी विहार की सैर कराई। इस दौरान बुजुर्गों ने पूरे उत्साह के साथ कुतुबमीनार, ताज महल सहित पार्क में बने ऐतिहासिक इमारतों के मॉडलों का दीदार किया। साथ ही पार्क का भ्रमण किया। इस बीच बुजुर्गों ने भ्रमण के अनुभवों का साझा करते हुए कहा कि हमने सोचा भी नहीं था कि हम इस तरह पूरे सम्मान के साथ कहीं घूमने जाएंगे। लेकिन, शहर विधायक ने अच्छी तरह से बेटा होने का फर्ज निभाया है।
पिछले दिनों शहर विधायक आकाश सक्सेना ने ताशका स्थित वृद्धाश्रम का निरीक्षण किया था। तब कुछ बुजुर्गों ने शहर के भ्रमण की इच्छा जताई थी, जिस पर विधायक ने बस का इंतजाम कराया। बस वृद्धाश्रम पहुंची, जहां सभी बुजुर्ग बस में सवार हो गए। इसके बाद बस सबसे पहले कस्तूरबा गांधी पक्षी विहार पहुंची। सभी बुजुर्गों का शहर विधायक आकाश सक्सेना और उनकी पत्नी गुंजन सक्सेना ने स्वागत किया। तत्पश्चात सभी भ्रमण पर निकल गए।
कस्तूरबा गांधी पक्षी विहार की देखरेख करने वाले आबिद भी साथ रहे, जो एक-एक इमारत के बारे में बुजुर्गों को विस्तार से जानकारी दे रहे थे। इमारत के ऐतिहासिक महत्व को बताया। इसके बाद सभी बुजुर्गों ने पार्क का आनंद लिया, जहां संगीत आदि का भी लुत्फ उठाया। ट्रिप के दौरान चाय और नाश्ते का भी इंतजाम रहा। इस बीच वापस लौटते समय सभी गांधी समाधि पहुंचे, जहां गांधी समाधि, महात्मा गांधी की प्रतिमा, शहीद स्मारक का भ्रमण किया। इस दौरान शहर विधायक आकाश सक्सेना ने कहा कि सभी बुजुर्ग अपने को अकेला महसूस न करें। उनका ख्याल रखने के लिए सरकार और वह खुद हैं। आगे भी समय-समय पर उनकी देखरेख के लिए वह आते रहेंगे।

