नौकरी लगवाने के नाम पर बीजेपी जिला उपाध्यक्ष पर युवक ने लाखों रुपए की ठगी का आरोप लगाया है और कार्रवाई को लेकर धरने पर बैठ गया। हालांकि पुलिस प्रशासन द्वारा उसको मनाने का प्रयास किया जा रहा है।
बता दें कि यह पूरा मामला मैनपुरी जनपद के थाना क्षेत्र कुरावली के ग्राम इमलिया का है। यहां के रहने वाले धीरेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि पर्यटन विभाग में गार्ड की नौकरी लगवाने के नाम पर बीजेपी जिला उपाध्यक्ष विनोद शर्मा द्वारा उससे तीन लाख रुपए की ठगी की गई। जिसमें भाजपा नेता मानसिंह भी शामिल हैं। पीड़ित ने बताया कि कई बार वह सभी साक्ष्य भी दिखा चुका है उसके बाद भी प्रशासन कोई भी कार्रवाई नहीं कर रहा है। जिससे परेशान होकर पीड़ित छोटे बच्चों सहित अपने परिवार के साथ तिकोनिया पार्क में धरने पर बैठा है।
गौरतलब है कि आरोप है कि ना तो उसको नौकरी दिलवाई गई और ना ही उसके रुपए वापस किए गए। बता दें कि कुछ दिन पहले भाजपा नेता मान सिंह द्वारा रुपए लेने का भी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वहीं कल सीएम योगी का जनपद में आगमन है, जिसको लेकर प्रशासन पीड़ित को मनाने में जुटा हुआ है। पीड़ित का कहना है कि यदि उसे न्याय नहीं मिला तो वह आमरण अनशन पर बैठा रहेगा।

