उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में युवक की पीट पीट कर हत्या करने के मामले में नाराज परिजनों ने सड़क पर चक्काजाम करते हुए जमकर नारेबाजी किया। बता दें कि सैकड़ों ग्रामीणों ने कुंडा करेटी मार्ग पर शव रख जाम लगा दिया। जिसके बाद पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी किया गया। परिजनों ने हत्यारोपियों की गिरफ्तारी और मुकदमा दर्ज करने की मांग की।
गौरतलब है कि बीते शाम गंगा नदी में नहाने से मना करने पर दबंगों ने युवक विकास पटेल की पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। हत्या करने के बाद शव को गंगा नदी में फेंक दिया था, ऐसा आरोप परिजनों ने लगाया था। आज दोपहर के बाद पोस्टमार्टम होने के बाद परिजन शव लेकर कुंडा पहुंचे तो सड़क पर जाम लगा दिया और दबंगों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। सूचना मिलते ही सीओ भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाने बुझाने का प्रयास किया।

