हरदोई में स्वच्छ गंगा ग्राम अभियान के तहत गंगा और आस पास के गांव और इलाको को साफ सुथरा और व्यवस्थित किए जाने के निर्देश शासन की तरफ से दिए गए थे। जिसके मद्देनजर अब निकाय चुनाव के बाद प्रशासनिक अमले इस तरफ युद्ध स्तर पर अपना काम शुरू कर दिया है। जिससे गंगा नदी के अलावा आस पास के गांव का न सिर्फ कायाकल्प हो रहा है बल्कि उनका सौंदरीयकरण भी कराया जा रहा है।
गंगा स्वच्छता विषय पर जागरूकता के लिए कहा गया
स्वच्छ गंगा ग्राम अभियान के अन्तर्गत गंगा किनारे के स्थित ग्राम पंचायतो की माइक्रो प्लान बना कर इन्हे व्यवस्थित किए जाने के निर्देश दिए गए थे। जिसमें ग्राम पंचायतों में मुनादी के माध्यम से गंगा स्वच्छता का प्रचार-प्रसार कराना, सार्वजनिक स्थलों की सफाई हेतु सामूहिक श्रमदान, नालियों की साफ-सफाई कराया जाना, बीएचएनडी बैठक के माध्यम से गंगा स्वच्छता विषय पर जागरूकता के लिए कहा गया है।
इसके अलावा घरेलू स्तर पर सूखा एवं गीले कचरे के पृथककरण विषय पर जागरूकता एवं प्रचार-प्रसार। नियमित डोर-टू-डोर वेस्ट कलेक्शन एवं एकत्रित वेस्ट का समुचित निपटान किए जाने, गंगा स्वच्छता जागरूकता रैली निकाले, गंगा स्वच्छता शपथ का आयोजन किए जाने, सम्बन्धित ग्राम पंचायतों में स्थित विद्यालयों में गंगा स्वच्छता विषयक निबन्ध एवं पेन्टिंग प्रतियोगिता का आयोजन किए जाने के अलावा, नियमित गंगा आरती का आयोजन किए जाने के निर्देश दिए गए है।
गंगा जीवनदायिनी है इसे साफ सुथरा रखना हमारा नैतिक कर्तव्य
साथ ही गंगा में सफाई की दृष्टि से नाले, नाली जिनका पानी सीधे गंगा में जा रहा हो उसके पहले सोकपिट, सिल्ट कैचर, डब्ल्यूएसपी का निर्माण कराया जाने की बात कही गई थी। साथ ही स्वच्छ गंगा ग्राम अभियान में सहयोग करने वाले आमजनों को प्रोत्साहन हेतु प्रमाण-पत्र का वितरण और गंगा चौपाल का आयोजन कर धर्मगुरुओं से समन्वय स्थापित कर गंगा स्वच्छता का प्रचार-प्रसार किया जाने संबंधी 16 बिंदु का पत्र सीडीओ को भेजा गया था। जिसके बाद प्रशासन अब युद्ध स्तर पर गंगा और उसके आस पास के इलाको को साफ सुथरा बनाने की कवायद में जुट गया है।
जिला पंचायत राज अधिकारी विनय कुमार सिंह ने बताया कि निर्देश प्राप्त होने के बाद प्रशासनिक अमला तेजी से गांव और गंगा जी की साफ सफाई व इसके कायाकल्प में जुटा है। उन्होंने कहा गंगा जीवनदायिनी है और हमारा नैतिक कर्तव्य है इसको साफ सुथरा रखना हम जहां रहे उस जगह को भी साफ सुथरा रखे ताकि वातावरण सकारात्मक ऊर्जा से परिपूर्ण हो।

