एनसीबी के पूर्व मुंबई जोनल डायरेक्टर समीर वानखेड़े ने बॉम्बे हाईकोर्ट में रिट याचिका दायर की है। वानखेड़े ने यह याचिका अपने ऊपर आर्यन खान के ड्रग्स केस में शाहरुख खान से 25 करोड़ की रिश्वत मामले में सीबीआई की कार्रवाई के खिलाफ दायर की है। इस बीच समीर वानखेड़े ने एक वाट्सअप चैट जारी कर यह दावा किया है कि आर्यन खान को छुड़ाने के लिए शाहरुख खान ने उनसे कई बार बातचीत की थी।
समीर वानखेड़े ने कहा है कि शाहरुख खान उनसे आर्यन खान को छुड़ाने के लिए बार-बार विनती कर रहे थे। समीर वानखेड़े ने अपनी याचिका में शाहरुख खान के साथ अपने वाट्सअप चैट को पेश किया है। समीर वानखेड़े की याचिका में इस बात का खुलासा हुआ है कि आर्यन खान ड्रग्स केस के दौरान उनकी शाहरुख खान के साथ कई बार बातचीत हुई थी। इस चैट से यह खुलासा किया गया है कि शाहरुख खान उनसे आर्यन खान को बचाने की विनती कर रहे थे। जब आर्यन खान कस्टडी में थे तब जानिए कैसे शाहरुख खान अपने बेटे को छोड़ने के लिए समीर वानखेड़े से मिन्नतें कर रहे थे-
शाहरुख– समीर साहब, क्या मैं आपसे एक मिनट बात कर सकता हूं? मैं जानता हूं कि यह सही नहीं है लेकिन एक पिता होने के नाते प्लीज मैं आपसे बात कर सकता हूं क्या? एसआरके
वानखेड़े– प्लीज कॉल करें.
शाहरुख– क्या यह बात करने का सही वक्त है? मैं आपका शुक्रिया कैसे अदा करूं जो खयालात और अपनी निजी राय मुझे दी है। मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि वो (आर्यन) एक ऐसी शख्सियत के तौर पर अब से तब्दील होगा, जिसपर आपको और मुझको गर्व होगा। यह घटना उसकी जिंदगी में टर्निंग प्वाइंट साबित होगी। मैं वादा करता हूं कि यह सुधार की दिशा में कदम होगा। यह देश ईमानदार और मेहनती लोगों की ओर देख रहा है।
(आगे शाहरुख खान चैट में लिखते हैं)
शाहरुख- प्लीज थोड़ी दया दिखाएं। मैं सिर्फ एक बाप होने के नाते दया की भीख मांग सकता हूं।
वानखेड़े- प्रिय शाहरुख, काश मैं आपसे एक जोनल डायरेक्टर होने की बजाए एक दोस्त के नाते बात कर सकता और इस वक्त के हालात समझा सकता। कई उपद्रवी तत्व इसमें घुस गए हैं और पूरे माहौल को खराब कर रहे हैं। मैं बच्चों को सुधार की दिशा में ले जाना चाह रहा हूं, उन्हें वो अवसर उपलब्ध करवाना चाह रहा हूं जिससे वो देश की सेवा में अपना योगदान दे सकें। लेकिन मेरी कोशिशें कुछ डर्टी लोगों के स्वार्थ की वजह से बेकार जा रही हैं।
शाहरुख-लेकिन इन सबके बीच मेरा बेटा तो नहीं है ना आप यह जानते हैं। वानखेड़े ने कहा है कि उनके खिलाफ सीबीआई की कार्रवाई बदले की कार्रवाई है। वानखेड़े की तरफ से एडवोकेट रिजवान मर्चेंट और आबाद पोंडा दलीलें पेश कर रहे हैं। इससे पहले दिल्ली हाईकोर्ट ने समीर वानखेड़े को राहत देते हुए उनसे सीबीआई को पूछताछ करने से 22 मई तक रोक दिया है। साथ ही उन्हें आगे इस मामले में अपने बचाव में बॉम्बे हाईकोर्ट जाने का निर्देश दिया था।
इसके बाद आज समीर वानखेड़े ने बॉम्बे हाईकोर्ट में रिट पिटिशन दायर किया और कोर्ट से अर्जेंटली हियरिंग की अपील की इसके बाद हॉलिडे के दौरान कोर्ट ने उनकी अपील पर गौर करते हुए आज ही सुनवाई की बात मान ली।
कुछ दिनों पहले समीर वानखेड़े के गोरेगांव स्थित घर पर सीबीआई की टीम ने छापेमारी की थी और उनकी अभिनेत्री पत्नी क्रांति रेडकर का मोबाइल सेट भी अपने कब्जे में ले लिया था। समीर वानखेड़े से पूछताछ के लिए उन्हें गुरुवार को भी बुलाया गया था, लेकिन उससे पहले ही दिल्ली हाईकोर्ट ने सीबीआई को 22 मई तक पूछताछ करने से रोक दिया। समीर वानखेड़े से पूछताछ के बाद सीबीआई विश्वजीत सिंह और आशिष रंजन सिंह से भी पूछताछ करने वाली है।

