उत्तर प्रदेश के गाजीपुर से क्रिकेट प्रेमियों के लिए एक बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां क्रिकेट प्रेमियों के लिए 20 और 21 मई का दिन खास होगा। स्थानीय स्वामी सहजानंद डिग्री कॉलेज में टाटा आईपीएल फैन पार्क का आयोजन बीसीसीआई के माध्यम से किया गया है। इस बात की जानकारी बीसीसीआई के ऑफिशियल्स ने प्रेस वार्ता कर दी है।
बीसीसीआई से आए आईपीएल फैन पार्क के पर्यवेक्षक एल्विन गायकवाड़ ने बताया कि गाजीपुर में टाटा आईपीएल मैचेज का लाइव प्रसारण एक दम स्टेडियम फील के साथ एक बड़ी स्क्रीन पर किया जाएगा। जिसमें मनोरंजन के साथ सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम रहेंगे। पहली बार गाजीपुर में दो दिवसीय आईपीएल फैन पार्क का आयोजन 20 मई शनिवार और 21 मई रविवार को होगा।
यूपीसीए एपेक्स कमेटी के सदस्य संजीव सिंह ने बताया कि गाजीपुर में आयोजित फैन पार्क के लिए बीसीसीआई पदाधिकारियों जय शाह और राजीव शुक्ल जी का अहम योगदान है। इस फैन पार्क में दस हजार से ज्यादा लोग मैच का स्टेडियम फील के साथ आनंद ले सकेंगे। वहीं जीडीसीए अध्यक्ष शाश्वत सिंह ने बताया कि सबको फ्री एंट्री के साथ एक बैंड भी हाथ पर बांधा जाएगा और एक कूपन भी दिया जाएगा, जिसका एक हिस्सा लकी ड्रा बॉक्स में डाला जाएगा, जिसका मैच के बीच में लकी ड्रॉ कराया जाएगा, जिसमें विजेताओं को बीसीसीआई की तरफ से आकर्षक उपहार भी दिए जाएंगे।

