जयपुर आगरा हाईवे स्थित फतेहपुर सीकरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत मंडी गुड़ की नहर के समीप आबकारी विभाग एवं पुलिस द्वारा चेकिंग के दौरान विदेशी शराब के लगभग 350 पेटी शराब से भरी केंटर को पकड़ा गया। पकड़ी गई शराब की कीमत लगभग दस लाख रुपये से अधिक आंकी जा रही है। ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। वहीं कैंटर से सोयाबीन ऑयल के बिल भी मिले हैं।
मिली जानकारी अनुसार आबकारी निरीक्षक मनोज कुमार पटेल ,मैथिली शरण सिंह एवं थाना पुलिस के एसएसआई अनिल कुमार एसआई द्वारा पुलिस टीम के साथ प्रातः हाईवे पर संयुक्त रूप से चेकिंग की जा रही थी कि बाईपास मंडी गुड़ नहर के मध्य भरतपुर की ओर से आ रहे कैंटर संख्या एचआर 55 वी 4295 को रोके जाने पर चालक द्वारा सोयाबीन ऑयल के बिल दिखाए । टीम द्वारा जैसे ही चेकिंग के लिए कहा तो चालक मौके से गाड़ी छोड़कर भाग निकला कैंटर को खोलकर देखा तो लगभग साडे तीन सौ रॉयल क्लासिक व्हिस्की शराब राजस्थान निर्मित का जखीरा मिला।
पुलिस द्वारा उसे जब्त किया गया है। आबकारी विभाग की टीम द्वारा उक्त मामले में पकड़ी गई शराब की गिनती की जा रही है और उक्त मामले में अभियोग दर्ज कराने की प्रक्रिया की जा रही है। अवैध शराब पकड़ने में आबकारी विभाग के महावीर सिंह ,राधेश्याम सिंह ,प्रदीप कुमार सिंह ,अर्चना वर्मा, हेमंत गौतम व थाना पुलिस की टीम शामिल रहे।

