बाराबंकी जनपद में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। विवाहिता की मौत की खबर सुनते ही मायके पक्ष के लोगों में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंचे मायके पक्ष के लोगों ने ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। मृतक के भाई का आरोप है कि दहेज के लिए उसकी बहन की हत्या की गई है। वहीं मृतक महिला के पति का कहना है कि कई दिनों से महिला का इलाज चल रहा था लखनऊ इलाज के लिए ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
पूरा मामला बाराबंकी जिले के बड्डूपुर थाना क्षेत्र के चंदौली गांव का है। यहां एक 20 वर्षीय विवाहिता रोली की इलाज के दौरान मौत हो गई है। विवाहिता की मौत के बाद ससुराल पक्ष के लोगों ने इसकी सूचना मायके पक्ष के लोगों को दी। विवाहिता की मौत की जानकारी होते ही मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे हैं। विवाहिता का शव देख मायके पक्ष के लोगों में कोहराम मच गया। मृतक महिला के भाई ने पुलिस को तहरीर देते हुए मृतक महिला रोली के पति विवेक समेत अन्य ससुराली जनों पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है।
मृतक महिला के पति विवेक का कहना है कि उसकी पत्नी की कई दिनों से तबीयत खराब चल रही थी। वह कई दिनों से इलाज करा रहे थे, आज अचानक तबीयत खराब होने पर उसे लखनऊ इलाज के लिए ले जा रहे थे रास्ते में मौत हो गई है। पति विवेक का कहना है कि महिला की बीमारी के चलते मौत हुई है, लेकिन ससुराल पक्ष के लोग दहेज हत्या का आरोप लगा रहे हैं। वहीं पुलिस ने मृतक महिला के भाई की तहरीर पर ससुराल पक्ष के लोगों पर मामला दर्ज करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल कर रही है।

